कोरे वादे नहीं, काम होने चाहिए
कोटा. नगर निगम चुनाव में महापौर की भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के जनसंपर्क के दौरान मतदाता उनसे जनसमस्याओं के समाधान और विकास की गारंटी मांग रहे हैं। वे कह रहे हैं कि सिर्फ वादों से काम नहीं चलने वाला। इस बात मतदाताओं ने कमर कस ली है।
वे मेयर पद की प्रत्याशियों से समस्याओं के सिर्फ निराकरण के वादे से संतुष्ट नहीं है, बल्कि इसके लिए ठोस समाधान चाहते हैं। कांग्रेस व भाजपा की मेयर प्रत्याशी को जनसंपर्क के दौरान मतदाताओं से कुछ इस तरह रु-ब-रु होना पड़ रहा है।
‘पूरी क्षमता से निभाऊंगी दायित्व’
महापौर की कांग्रेस प्रत्याशी डा. रत्ना जैन ने रविवार को विज्ञान नगर, तलवंडी, बजरंग नगर और पुलिस लाइन क्षेत्र में जनसपंर्क किया। वार्ड 39 में बजरंग नगर होते हुए वे कृष्णा नगर कॉलोनी पहुंची तो वहां के मतदाताओं ने कहा कि नगर निगम ने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए कोई कार्य नहीं किया।
सफाई व नाली पटान समेत अन्य कई समस्याओं से कॉलोनीवासी परेशान हैं। अब अगर उन्हें लिखित में समस्याएं हल करने की गारंटी दी जाए तो वोट देने के बारे में सोचंेगे। इस पर रत्ना जैन ने मतदाताओं को शपथपूर्वक लिखकर दिया कि वे महापौर बनी तो कॉलोनी की समस्याएं हल कराएंगी। डॉ. जैन ने इससे पूर्व विज्ञाननगर में जनसंपर्क किया तथा तलवंडी जैन मंदिर में प्रार्थना करने के बाद हनुमान मंदिर पर पूजा अर्चना की, गुमानपुरा गुरुद्वारे में मत्था टेका और बूंदी रोड स्थित डेरा सच्च सौदा आश्रम में भी गई।










