टिफिन से हड़कंप ट्रेन एक्सप्रेस 2 घंटे लेट
केशवरापाटन/कोटा. भोपाल से जोधपुर जा रही फास्ट पैसेंजर ट्रेन (491 डाउन) में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने एस—2 कोच के टॉयलेट में एक थैले में टिफिन देखा और बम समझ लिया। बम की सूचना के चलते केपाटन पर ट्रेन को रुकवाया गया।
2 घंटे की मशक्कत के बाद पता चला कि चोर कोच के ही एक यात्री का सामान चुराकर ले गए और टिफिन टॉयलेट में छोड़कर भाग निकले। उसके बाद पुलिस व आरपीएफ के अधिकारियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली और ट्रेन को आगे रवाना किया गया। एस—2 कोच के टीटी को रविवार सुबह 4.30 बजे गुड़ला स्टेशन के पास कोच के एक यात्री ने टॉयलेट में संदिग्ध वस्तु होने की जानकारी दी।
टीटी ने देखा तो टॉयलेट में टिफिन लटका हुआ था। टीटी ने इसकी सूचना तत्काल केशवरायपाटन के स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलने पर आरपीएफ की डॉग स्क्वाइड की टीम व स्थानीय पुलिस अधिकारी भी स्टेशन पर पहुंच गए। ट्रेन को स्टेशन पर रुकवा लिया गया। ट्रेन में बम की सूचना मिलते ही यात्रियों में घबरा गए और अफरा—तफरी का माहौल हो गया। टॉयलेट में संदिग्ध वस्तु की जांच की, लेकिन वह केवल खाने का टिफिन निकला।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी खजानसिंह ने बताया कि टिफिन गुना निवासी देवकरण शर्मा का निकला। देवकरण शर्मा व उनकी पत्नी कोच में 43 व 45 नंबर बर्थ पर सफर कर रहे थे। उनके बेग में साड़ियां, टिफिन व अन्य सामान था। चोर रात को उनका सामान चुराकर ले गए, लेकिन टिफिन को थैले सहित टॉयलेट में छोड़ दिया। उसके बाद भी कोच को पूरी तरह से चैक किया गया और संतुष्टि होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
ठंड में खड़े रहना पड़ा यात्रियों को
जांच के दौरान एस—2 में सवार यात्रियों को पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से कोच से नीचे उतार लिया। यात्रियों को तड़के कड़ाके की ठंड में बाहर खड़े रहना पड़ा। जांच पूरी होने के बाद जब उन्हें वापस कोच में बैठाया गया, तब जाकर यात्रियों को राहत मिली।










