ट्रक-टेंपो की टक्कर में दो की मौत
सीकर. रघुनाथगढ़ थानांतर्गत हरदयालपुरा-धापुरा के बीच रविवार दोपहर ट्रक-टैंपो की टक्कर में टैंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, टैम्पो सीकर से पिपराली जा रहा था, जबकि ट्रक नीमकाथाना से सीकर की ओर आ रहा था।
आमने-सामने की टक्कर में टैंपो सवार गुंगारा गांव निवासी बंशीलाल नेहरा और खीवसर गांव निवासी प्रताप पुत्र हरीचंद की मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद चालक और खलासी ट्रक छोड़कर फरार हो गए। टैम्पो सवार कुछ सवारियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोनों शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ट्रक और टैंपो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।










