अवैध शराब फैक्ट्री पकड़ी, दो गिरफ्तार
खाटूश्यामजी. पुलिस ने पोल्ट्री फार्म में चल रही नकली शराब बनाने की फैक्ट्री भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में नकली शराब, स्प्रिट और शराब बनाने में प्रयोग में लाई जाने वाली सामग्री के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फैक्ट्री कुछ समय पूर्व से ही चल रही है लेकिन फैक्ट्री को देखकर लगता है यहां काफी समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। थानाधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गोवटी की तन में भगवान सहाय हरितवाल के खेत में बने पोल्ट्रीफार्म में अवैध रूप से नकली शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही है।
रविवार शाम को पुलिस ने छापा मार कर लगभग तीन हजार घूमर ब्रांड शराब के पव्वे मौके से बरामद किए गए। इसके अलावा शराब बनाने में प्रयोग में लाई जाने वाली सामग्री, दो बड़े ड्रम जिसमें स्प्रिट भरा हुआ था, शराब पैकिंग के लिए रखे काटरून, खाली पव्वे, घूमर मार्को के रैपर और पैकिंग मशीन को बरामद किया है।
पुलिस ने मौके पर शराब बना रहे भगवान सहाय पुत्र कजोड़मल निवासी गोवटी एवं बीरबल सिंह पुत्र जैसा राम निवासी गोवटी को गिरफ्तार किया है। अवैध शराब में घूमर ब्रांड के रैपर लगाकर सरकारी देशी शराब के ठेकों में भेजी जा रही है। पूछताछ में पुलिस यह खुलासा नहीं कर पाई है कि नकली शराब के कारोबारी कहां सप्लाई करते हैं।










