91 करोड़ रुपए अटके
ग्वालियर. उपभोक्ताओं से बकाए की वसूली के मामले में बिजली कंपनी पिछड़ती जा रही है। ग्वालियर में कंपनी के 91 करोड़ रुपए की वसूली अटकी है। हर महीने मौजूदा बिलों की पूरी वसूली नहीं होने से बकाए का ग्राफ बढ़ता जा रहा है।
ग्वालियर सिटी सर्कल में एक लाख पैंसठ हजार से अधिक उपभोक्ता हैं और प्रत्येक माह 14 से 15 करोड़ रुपए तक की बिलिंग होती है, लेकिन स्थानीय अधिकारी इस वसूली में काफी पीछे रह जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक, पूरे महीने की कसरत के बाद भी वसूली का आंकड़ा 70 से 80 प्रतिशत के बीच ही अटक जाता है।
इस तरह हर महीने बीस प्रतिशत तक की वसूली उपभोक्ताओं के पास ही अटकी रह जाती है। शहरी क्षेत्र के चार संभाग उत्तर, दक्षिण, पूर्व एवं केंद्रीय में उपभोक्ताओं के पास कंपनी के 91 करोड़ रुपए अटके हुए हैं। कंपनी अधिकारियों का पूरा समय वर्तमान वसूली करने में ही गुजर जाता है इसलिए इस पुरानी वसूली पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
राजनीतिक दबाव भी समस्या
सिटी सर्कल में अटकी इस वसूली में उत्तर संभाग के खाते में 26 करोड़ रुपए शामिल हैं। बिजली कंपनी के क्षेत्रीय अधिकारियों का कहना है कि यहां दस करोड़ से अधिक की राशि जेसी मिल के मजदूरों पर बकाया है और जब भी वसूली के लिए कार्रवाई की जाती है तो स्थानीय नेता उनकी ढाल बनकर खड़े हो जाते हैं।
आरआरसी जारी, होगी कुर्की
बिजली कंपनी के शीर्ष अधिकारियों का कहना है कि बकाए की वसूली के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं पर एक लाख से अधिक की राशि बकाया है, उनके मकानों की कुर्की किए जाने के लिए आरआरसी जारी की जा चुकी है और जल्द ही यह कार्रवाई की जाएगी।










