Monday, November 16, 2009 07:13 [IST]  

danik bhaskarछुट्टी के लिए बहानेबाजी

Bhaskar News

ग्वालियर. अगले माह होने वाले नगर निगम चुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए सरकारी अधिकारी-कर्मचारी पहले की तरह ही बहानेबाजी करने लगे हैं। पिछले दो दिनों में एक सैकड़ा से अधिक आवेदन छुट्टी के लिए अपर कलेक्टर वेदप्रकाश के पास आए हैं।



नगर निगम सीमा क्षेत्र के 60 वार्डो के लिए कुल 822 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं। एक मतदान केंद्र पर चार अधिकारी कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इस आधार पर रिजर्व दलों को शामिल करने पर लगभग चार हजार अधिकारी-कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया जाना है। चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए अपर कलेक्टर वेदप्रकाश के पास एक सौ से अधिक आवेदन छुट्टी के आए हैं। उन्होंने पचास से अधिक आवेदनों में छुट्टी मंजूर कर दी हैं।



अधिकतर आवेदन शादी के: अपर कलेक्टर ने जिन पचास आवेदकों को छुट्टी दी है उनमें से 30 को परिवार में शादी होने के कारण अवकाश दिया गया है। कुछ ऐसे कर्मचारियों ने भी अवकाश के आवेदन दिए हैं जो कि प्रशिक्षण पर जाने, परीक्षा होने या स्वयं की बीमारी के कारण चुनाव में ड्यूटी नहीं कर सकते हैं।



प्रशिक्षण जल्द: स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान दलों में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों को दो प्रशिक्षण दिए जाएंगे।



पहला प्रशिक्षण 26 नवंबर को प्रस्तावित है जबकि दूसरा 4 दिसंबर को। दोनों प्रशिक्षणों का स्थान अभी तय नहीं है। इसके लिए केआरजी कालेज को अधिक सुविधाजनक माना जा रहा है।



इस बार महिलाएं भी: मतदान दलों में इस बार महिलाएं भी शामिल होंगी। पूर्व के दो चुनावों के लिए बनाए गए दलों में महिलाएं शामिल नहीं थीं। इस बार केंद्रीय कार्यालयों के कर्मचारी मतदान दलों में शामिल नहीं किए जाएंगे। अपर कलेक्टर ने जिले के लगभग 250 सेक्शन प्रमुखों से उनके दफ्तर में काम वाले अमले की सूची मांगी है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: