शिक्षक व किसान बने सिंधिया
गुना. आदिवासी की झोपड़ी में रुकने और रोटियां बनाने के दूसरे ही दिन केंद्रीय वाणिज्य राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिक्षक, किसान और शूटर के रूप में नजर आए। उन्होंने न सिर्फ छात्रों को पढ़ाया बल्कि गांव में ट्रैक्टर चलाने के अलावा तीरंदाजी में भी अपने हुनर बताए।
संसदीय क्षेत्र के अपने दौरे के तहत श्री सिंधिया बमौरी विकासखंड के दूरस्थ गांव मुरादपुर में सर्व शिक्षा अभियान के तहत निर्मित स्कूल भवन का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे स्कूल की कक्षा में चले गए। इस दौरान श्री सिंधिया गणित के शिक्षक बने और 40 छात्र-छात्राओं से गणित के सवाल भी किए।
छात्र प्रदीप यादव के जवाबों से खुश होकर उन्होंने उसे मास्टरजी की उपाधि दी। कुछ शब्दों का उच्चरण कराया तो रोशनी नामक बालिका का उच्चरण एकदम सटीक मिला। इसके बाद सिंधिया ने बालिका के साथ ही फादर, वाइफ जैसे अंग्रेजी के शब्दों को छात्र-छात्राओं से बार-बार उच्चरण करवाया गया।
लगभग आधे घंटे तक श्री सिंधिया स्कूली बच्चों को गणित और अंग्रेजी पढ़ाते रहे। उनके साथ जिंप उपाध्यक्ष रक्षितसिंह और गुना नगर पालिका के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता भी मौजूद थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने माध्यमिक स्कूल में स्टाफ बढ़वाने की मांग की जिस पर श्री सिंधिया ने व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
किसानों को बैठाकर चलाया ट्रैक्टर : इसके बाद श्री सिंधिया ग्राम ख्यावदा में पुरस्कार वितरण और माधवराव सिंधिया शापिंग काम्प्लेक्स का उद्घाटन करने पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों को साथ बैठाकर काफी देर तक ट्रैक्टर चलाया। इसके बाद समारोह में भेंट किए गए तीर-कमान को भी चलाया।
तीर-कमान चलाने के बाद कहा कि यह तीर विकास के लिए है। हम लक्ष्य से भटकें नहीं, इसके लिए यह तीर चलाया गया है। यहां देर रात तक उनका कार्यक्रम चलता रहा।
बजरंगगढ़ किले का विकास करेंगे : शनिवार देर रात श्री सिंधिया गुना के समीप बजरंगगढ़ किला परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमान मंदिर में पूजा की। इस पुराने किले के पर्यटन व धार्मिक दृष्टि से विकास कराने के मद्देनजर प्रमुख ट्रस्टी रामवल्लभ रावत से भी बातचीत की। इसके बाद बजरंगगढ़ के जैन मंदिर में भी उन्होंने दर्शन किए।










