पांच सेकेंड में पांच लाख गायब
पानीपत. पालिका बाजार स्थित एक साड़ी शोरूम से पांच सेकेंड में पांच लाख का सामान गायब होने का मामला सामने आया है। घटना दो दिन पहले की है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दे दी है, लेकिन अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
जानकारी के मुताबिक मॉडल टाउन निवासी सतीश कुमार चढ्ढा की पत्नी सुषमा अपनी बेटी सुभ्रीत की शादी के लिए खरीदारी करने पालिका बाजार स्थित गौरी साड़ी शोरूम पहुंची। उनके साथ सुभ्रीत और उसके ससुराल पक्ष के कुछ लोग भी थे। फस्ट फ्लोर पर सभी साड़ी देख रहे थे कि तभी बिजली गुल हो गई।
पांच सेकेंड बाद ही बिजली आई तो सुभ्रीत की ननद चेतना का पर्स गायब मिला। उन्होंने आस-पास देखा, लेकिन पर्स नहीं मिला। सेल्समैन से पूछा तो उसने भी मना कर दिया। परिजन नीचे आए और उन्होंने शोरूम के मालिक गिरीश को पूरे मामले से अवगत कराया।
चेतना ने बताया कि पर्स में डेढ़ लाख रुपए नकद, दो डायमंड के टप्स, चार तोले की चेन, डायमंड के बैंगल, तीन मोबाइल फोन और कई क्रेडिट कार्ड थे। सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई जा रही है। परिजनों का मानना है कि इतने कम सेकेंड में कोई बाहरी व्यक्ति पर्स नहीं उड़ा सकता है।
जिस फ्लोर पर वह बैठे थे, वहां तक पहुंचने के लिए तीन गेटों को पार करना पड़ता है। शोरूम मालिक गिरीश भी इस मामले से हैरान हैं। उनका कहना है कि ऐसी घटना पहली बार हुई है। सतीश ने बताया कि दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
पर्स सहित लेडी दिखाई दी
सेल्समैन ने बताया कि एक छोटा सा लड़का और एक लेडी पर्स के साथ बाहर जाती दिखी थी। उसके बाद परिजनों और शोरूम मालिक ने बाहर आकर देखा, लेकिन कोई नहीं मिला। कुछ देर बाद सतीश और अन्य परिजन भी शोरूम पहुंच गए। सूचना मिलते ही सिटी थाने की पुलिस घटनास्थल पर आई और छानबीन की, लेकिन मौके से कोई भी सुराग नहीं मिल पाया।










