पैर पड़ने थाने पहुंचा शराबी.!
जबलपुर. साहब आप लोगों के पैर पड़ने थे, इसलिए थाने चला आया। शराब के नशे में धुत्त वृद्ध के इन शब्दो को सुनकर सिविल लाइन थाने में उपस्थित पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। बार-बार भगाने के बाद भी थाने में लौट-लौट कर आ रहे शराबी से जब पुलिस कर्मी परेशान हो गए तो उसके साथ पुलिस ने सख्ती बरतते हुए वहां से भगाया।
शनिवार की रात लगभग 8 बजे सिविल लाइन थाने के सामने हो रहे इस हंगामे को देखने लोगों की भीड़ भी जुट गई। लगभग दो घंटे तक शराबी की हरकतों से तंग पुलिस कर्मियों का सब्र अचानक टूटा और उन्होंने उसे गाड़ी में बैठा कर कहीं आगे छोड़ दिया।
बताया जाता है कि खुद को खमरिया निवासी बताने वाला वृद्ध बार-बार पुलिस से यही कह रहा था कि वह तो थाने में पैर पड़ने आया है और पैर पड़कर ही लौटेगा। थाने में हुई अजीबो-गरीब घटना की चर्चा देर रात तक पुलिस कर्मियों के बीच चलती रही।
अक्सर देखा गया है कि शराबी सड़कों और गलियों में ही उत्पात मचाते हैं। सिविल लाइन थाने में हुई इस घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस दबी जुबान से घटना की पुष्टि करती रही।










