पति ने ब्लेड से गोद दिया शरीर
जबलपुर. मेडिकल अस्पताल में भर्ती इंद्रा बस्ती निवासी 35 वर्षीय सोनिया ठाकुर के हाथ, पैरों, पेट, पीठ व चेहरे समेत शरीर में लगभग हर जगह ब्लेड के आधा-आधा इंच गहरे घाव हैं। उसकी हालत देखकर एकबारगी चिकित्सकों के भी रोंगटे खड़े हो गए।
पुलिस के अनुसार सोनिया का यह हश्र उसके ही वहशी पति ने किया है। सोनिया अब भी अचेत है। इंद्रा बस्ती, पहाड़ी निवासी सोनिया को सुबह उसकी ननद गोमती ठाकुर व आस-पड़ोस की महिलाएं रक्त-रंजित हालत में अस्पताल लेकर पहुंचीं।
गोमती व अन्य महिलाओं ने बताया कि सुबह किसी बात पर विवाद करते हुए पति गुड्डा ठाकुर ने सोनिया पर ब्लेड से हमला कर दिया। गुड्डा ने सोनिया के शरीर पर ब्लेड से इतने वार किये कि वह लहूलुहान होकर अचेत हो गई। इसके बाद गुड्डा उसे आंगन में उसी हालत में छोड़कर भाग निकला।
सोनिया की हालत गंभीर है। गढ़ा थाने में मौजूद आरपी सुल्लेरे का कहना है कि रिपोर्ट पर गुड्डा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश जारी है।
सूने में किया हमला गुड्डा यहां इंद्रा बस्ती में अपनी बहन गोमती के घर पर ही किराये से रहता है। घटना उस वक्त हुई जब गोमती बाजार गई हुई थी और गोमती का बेटा राजा भी बाहर था। गोमती ने बताया कि सुबह लगभग 11 बजे जब वह बाजार से वापस लौटी तो सोनिया उसे रक्तरंजित हालत में आंगन में बेहोश पड़ी हुई मिली।
नशे का आदी है गुड्डा पुलिस के अनुसार गुड्डा शराब के नशे का आदी है। उसकी हरकतों से त्रस्त होकर उसकी पहली बीबी उसे छोड़कर चली गई है। 11 साल पहले गुड्डा ने अनाथ सोनिया को दासता पत्नी के रूप में रखा है। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस को पता चला है कि गुड्डा कोई काम नहीं करता है, सोनिया ही मजदूरी करके रोजी रोटी की व्यवस्था करती है। शायद गुड्डा अपनी पत्नी सोनिया से शराब पीने के लिए रुपए मांग रहा था। रुपए देने से मना करने पर उसने सोनिया का यह हश्र कर दिया।










