मनोरमा कॉलोनी मेंसूने मकान से जेवरात चोरी
सागर. गोपालगंज थाना क्षेत्र की मनोरमा कॉलोनी में सूने मकान से चोर 80 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात ले गए। घटना मनोरमा कॉलोनी में यादव डेयरी के पीछे स्थित सूर्यकांत अवस्थी के मकान में हुई। वे 11 नवंबर को परिवार के साथ गढ़ौला जागीर गांव गए थे।
घर की देखरेख करने की जिम्मेदारी दुकान के नौकर महेश पटेल व पास में रहने वाले रिश्तेदारों को सौंप गए थे। 14 नवंबर को सुबह उन्हें रिश्तेदारों ने टेलीफोन से जानकारी दी कि मकान के दरवाजे खुले हैं और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।
उन्होंने घर आकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी में रखे 15 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। पुलिस ने चोरी गए जेवरात की कीमत 30 हजार रुपए बताई है। जबकि परिजनों के मुताबिक चोरी गए जेवरात की कीमत 80 हजार रुपए है। मामले की जांच उप निरीक्षक आरएस भदौरिया कर रहे हैं।
थम नहीं रही चोरी की वारदातें
शहर के गोपालगंज और मोतीनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को सिलसिला थम नहीं रहा है। दो माह में 50 से ज्यादा चोरी हो चुकी हैं। इन थानों के कर्मचारी अब प्रेस को इन घटनाओं को बताने से परहेज करने लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों को प्रेस से सीधे संवाद न करने के निर्देश दिए हैं।










