प्रभावित हो सकती है सेमेस्टर परीक्षा
सागर. कॉलेजों में पारंपरिक पाठ्यक्रमों की प्रथम सेमेस्टर परीक्षा की तैयारियां अगले महीने होने जा रहे नगरीय निकाय के चुनाव से प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विवि के परीक्षा विभाग ने सेमेस्टर परीक्षा की तिथियां घोषित नहीं की है लेकिन जानकारों के अनुसार परीक्षा की तिथि आगे खिसकना लगभग तय है। निर्वाचन आयोग ने क्षेत्र में निकाय चुनाव के लिए 11 दिसंबर की तिथि तय की है।
नवंबर-दिसंबर में होना है परीक्षा- उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक नवंबर के मध्य से दिसंबर के प्रथम सप्ताह के बीच यह परीक्षा संपन्न होना है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह परीक्षा इस अवधि में निपटना मुश्किल है। दूसरी ओर कतिपय छात्रों की मानें तो कुछ विषयों में परीक्षा के लिहाज से कोर्स भी पूरा नहीं हो पाया है। शिक्षकों की हड़ताल, यूथ फेस्टिवल, एटीकेटी परीक्षा आदि गतिविधियों के चलते अब भी 20 से 30 फीसदी कोर्स शेष है।
शैक्षणिक कैलेंडर गड़बड़ाएगा- शासकीय आर्ट्स एंड कामर्स कॉलेज स्थित नोडल सेंटर के एक शिक्षक के मुताबिक देरी से परीक्षा शुरू होने से इस साल भी शक्षणिक कैलेंडर गड़बड़ाना तय है। अगर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देरी से होगी तो सेकंड सेमेस्टर अपने आप लंबित हो जाएगा। जिसका प्रभाव अगले शिक्षण-सत्र पर भी पड़ना तय है।
अभी तक नहीं हो पाई सप्लीमेंट्री परीक्षा
एक ओर विवि का परीक्षा विभाग प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारियों में जुटा है वहीं दूसरी ओर विभाग द्वारा वर्ष 2008-09 में हुई स्नातक कोर्सेस की द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की सप्लीमेंट्री परीक्षा अब तक आयोजित नहीं हो पाई है। कुछ ऐसी ही स्थिति फस्र्ट सेमेस्टर की है। जिसकी ऐटीकेटी परीक्षा सोमवार से शुरू होने जा रही है जबकि इस परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश कर चुके हैं।










