सीएम की डांट का दिखा असर
करनाल. सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा अनाज मंडी के औचक निरीक्षण व अधिकारियों को लगाई गई डांट का असर सोमवार को अनाज मंडी में साफ नजर आया। इसका असर यह रहा कि किसानों को उनकी धान का पहले के मुकाबले अधिक रेट मिला।
जहां किसानों को बासमती के 150 से 200 रुपए अधिक मिले, वहीं धान की फसल 1121 के भी 200 रुपए अधिक में बिकी। रेट में अचानक आई तेजी से किसान खुश हैं। किसानों का कहना है कि यदि इस तरह के दौरे होते रहे तो उनका कुछ भला हो सकता है।
किसान रामपाल, रिसपाल सिंह, कृष्ण लाल सहित अन्य ने बताया कि दौरे से पहले उनकी फसल का रेट नहीं मिल रहा था। बासमती का उन्हें 2700 रुपए से कम रेट मिल रहा था, जो सोमवार को बढ़कर 2850 रुपए तक पहुंच गया। इसके अलावा 1121 धान 1800 से 2000 रुपए तक ही बिकी थी, लेकिन सोमवार को यह भी 2200 रुपए तक बिकी।
इस बार आवक अधिक
मार्केट कमेटी सचिव आरएस गोयल ने बताया कि इस बार मंडी में धान की आवक अधिक है। रविवार तक मंडी में 22 लाख 8 हजार 529 क्विंटल धान की आवक हुई थी, जबकि पिछले वर्ष इसी दिन तक 20 लाख 50 हजार क्विंटल धान की आवक हुई। उन्होंने दावा किया कि मंडी में लिफ्टिंग में भी तेजी आई है।










