धुंध में हाइवे पर रेंगते दिखे वाहन
करनाल. सीजन की पहले कोहरे ने रविवार रात को दस्तक दे दी। सोमवार सुबह भी गहरे कोहरे का प्रभाव साफ नजर आ रहा था। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार को कोहरा व धुंध के दौरान मात्र पांच फीट की दृश्य क्षमता थी।
इससे वाहनों की गति धीमी हो गई। जीटी रोड के अलावा स्टेट हाइवे व अन्य लिंक रोड पर वाहन रेंगकर चल रहे थे। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान रविवार के 27.8 डिग्री सेल्यिस की अपेक्षा से घटकर 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
सोमवार को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी की मात्रा सुबह के समय 100 व शाम को 44 प्रतिशत रही, जबकि वेपर प्रेशर सुबह के समय 11.3 व शाम को 12.6 एमएम रहा। इस दौरान हवा भी 3.2 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से चली। मौसम वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि आने वाले 24 घंटे में धुंध बढ़ेगी। सुबह 9:30 बजे तक शहर में धुंध का प्रभाव रहा। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी कोहरे से दो चार होना पड़ा।
ये है धुंध व कोहरे में अंतर
धुंध धुएं का रूप होता है। जिसमें दृश्यता सामान्य से कम हो जाती है। वायुमंडल में उपस्थित धूलकण, जलवाष्प व सापेक्ष आद्र्रता के अधिक होने से धुंध बनती है। इसके लिए आकाश का साफ होना, लंबी रात, शांत वायु का होना जरूरी है।
कोहरा धुंध से घना होता है। इसमें दृश्यता धुंध की अपेक्षा और कम होती है। वायुमंडल में धुंध कणों, गैसों का संगठित होने से कोहरा बनता है। इसमें भी आकाश का साफ, लंबी रात, शांत वायु का होना जरूरी है।
फोग लाइट का करें प्रयोग
कार एक्सपर्ट सौरव आर्य के अनुसार धुंध में दृश्यता क्षमता को कायम रखने के लिए वाहनों पर फोग लाइट लगाई जानी चाहिए। इनमें लाइट पीली होनी चाहिए। यह भी ध्यान रखें कि यह अच्छी क्वालिटी की हो। उन्होंने कहा कि चालक अब फोग लाइट लगवाने के लिए आने शुरू हो गए हैं। वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। वाहनों की स्पीड अधिक नहीं होनी चाहिए।










