ट्रेड फेयर में दिख रही चंडीगढ़ की प्रगति
चंडीगढ़. प्रगति मैदान, नई दिल्ली में शुरू हुए 29 वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में इस वर्ष चंडीगढ़ पेवेलियन में लोगों को कुछ विशेष देखने को मिलेगा। नए उत्पाद की जानकारी और खरीददारी के अलावा यहां चंडीगढ़ की प्रगति और उपलब्धियां जानने का मौका मिलेगा। इस वर्ष इंटरनेशनल पैवेलियन के साथ चंडीगढ़ का पैवेलियन लगा है।
फेयर में ग्राउंड फ्लोर पर केंद्रीय स्टील मंत्रालय और गुजरात का पैवेलियन है। इसके फस्र्ट फ्लोर पर चंडीगढ़ का पैवेलियन है। यहां चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल बिजनेस पार्क का मॉडल बनाया गया है। इंडस्ट्रियल एरिया में कन्वर्शन के बाद हुई तरक्की को इसमें दिखाया गया है। इसके अलावा चंडीगढ़ में बने ली काबरूजिए सेंटर का मॉडल भी बनाया गया है जिसमें ली काबरूजिए की डिजाइन की गई बिल्डिंग्स और टेपेस्ट्री वाले सोविनियर्स रखे गए हैं।
इंडस्ट्री विभाग की निदेशक वंदना दिसोदिया ने बताया कि चंडीगढ़ के पैवेलियन में एक्सपोर्ट यूनिट का भी स्टॉल है। इसके अलावा यहां चंडीगढ़ में निर्मित हैंडीक्राफ्ट्स, पेंटिंग्स, ज्वैलरी, फुलकारी, शाल, पाइप्स बनाने वाली कंपनियों की एक्सपोर्ट यूनिट, कापियां बनाने वाली एक्सपोर्ट यूनिट के भी स्टॉल लगे हैं। चंडीगढ़ पैवेलियन में शहर के अग्रणी अखबार ‘दैनिक भास्कर’ का भी स्टॉल है।
यहां सिटको की होटल, पर्यटन उद्योग में उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। चंडीगढ़ पैवेलियन का उद्घाटन 14 नवंबर को लीगल रिमेम्ब्रेंस संत प्रकाश ने किया था। इस अवसर पर इंडस्ट्री विभाग की निदेशक वंदना दिसोदिया, चीफ आर्किटेक्ट सुमीत कौर भी मौजूद रहीं। दिसोदिया ने कहा कि इंटरनेशनल पैवेलियन के निकट चंडीगढ़ का पैवेलियन होने से शहर के कारोबारियों को बिजनेस एक्सपोर्ट के बढ़िया अवसर मिल सकते हैं। ट्रेड फेयर के पहले पांच दिन व्यापारियों के लिए हैं। इसके बाद 19 से 27 नवंबर तक आम लोग मेला देखने आ सकेंगे। देशभर से 7500 संस्थानों के अलावा 28 देशों के अनेक व्यवसायी भाग ले रहे हैं।










