परफेक्ट ब्राइड में गुंडाराज
चंडीगढ़. बात परफेक्ट ब्राइड की हो तो सभी के दिमाग में सुंदर व सुशील लड़की की छवि बनती है। लेकिन जब उसकी सहजता मापी जाती है और बात हद से गुजर जाती है तो वह कोई न कोई बड़ा कदम उठा ही लेती है। ऐसा ही कदम उठाया शहर की पूजा टंडन ने स्टार प्लस के शो ‘परफेक्ट ब्राइड’ में।
हितेश और उसकी मां सुदेश रानी के गुंडाराज से तंग आकर पूजा को यह कदम उठाना पड़ा। शो तो है परफेक्ट ब्राइड का और काम हो रहा है गुंडाराज का। रविवार को शो से बाहर होने के बाद पूजा बहुत खुश हैं, कि वे शो से एलिमिनेट हो गईं। पूजा कहती हैं कि अगर कुछ और दिन उन्हें वहां रहना पड़ता तो शायद वे वहां से भाग जातीं। सोमवार को पूजा अपने रिश्तेदार पी.एल. टंडन के घर सेक्टर 11 में प्रेस से रू-ब-रू हुईं।
परफेक्ट ब्राइड का टैग टेंशन भरा
ढाई महीने में शो में चार बार परफेक्ट ब्राइड ऑफ वीक का टाइटल पूजा जीत चुकी थीं, लेकिन यह टाइटल टेंशन लेकर आता था। पूजा ने बताया कि जब भी वे यह टाइटल जीततीं तो बाकी लड़कियां आनाकानी करती थीं कि मुझे कैसे टाइटल मिल गया। बाकी लड़कियों से बात करने के बाद टेंशन होती थी घरवालों से अपने पंसद के लड़के को मिलवाने की। हितेश के अलावा अगर किसी और लड़के का नाम लेती तो हितेश की मां ताने मारती थीं, इसलिए मुझे डर लगने लगा था इस टाइटल से।
असली पारी रात 10.30 बजे
पूजा ने जब शो से बाहर आकर पुराने एपिसोड देखे तो उन्हें काफी शॉक लगा, क्योंकि वे नहीं जानती थीं कि पूरे दिन की कौन सी बातों को एक घंटे में दिखाया जाता था। पूजा ने बताया कि मम्मी महल में असली प्लानिंग तो रात 10.30 बजे शुरू होती थी, जब कैमरे बंद हो जाते थे। पूजा ने बताया कि हितेश की मां को जब पता चला कि मैंने हितेश को शादी के लिए मना कर दिया तो वे रात को कैमरे बंद होने के बाद उनके पास आती थीं और उन्हें परफेक्ट ब्राइड से बाहर करने की बात करती थीं। उनके इस टॉर्चर से वे टूटती जा रही थीं। खुद पर विश्वास खत्म होता जा रहा था। फिर जब पानी सर से ऊपर चला गया तो हितेश को सात हफ्ते बाद मना कर दिया। मना करने के बाद भी हितेश की मां रोज रात उनके फैसले को बदलने आती थीं।
मां-बेटे का गुंडाराज
पूजा ने बताया, बेटा कुंवर कवार्टर्स में बाकी लड़कों पर हुकुम चलाता था तो मां मम्मी महल में बाकी की मम्मियों पर। कैमरे के सामने हितेश की मम्मी किसी और की मम्मी को आगे नहीं आने देती थीं। मैंने यशदीप और विवेक की मम्मी को हितेश की मां की वजह से छुपकर रोते देखा है। सभी मम्मियां अच्छे घर से हैं, इसलिए हितेश की मां से कोई बहस नहीं करता था, ताकि बात आगे न बढ़े।
दूसरी ओर कुंवर क्वार्टर्स में हितेश लड़कों पर धौंस जमाता था और जो लड़का मेरा नाम भी लेता था उसके साथ वह लड़ाई करता था। हितेश की मां भी किसी और मम्मी को मेरे पास नहीं आने देती थीं। उन्होंने पहले ही सभी मम्मियों को बोल दिया था कि पूजा उनके बेटे की पसंद है, उससे दूर रहना।
सभी का मकसद कुछ और
नाम तो शो का परफेक्ट ब्राइड है, लेकिन कोई इस शो में शादी करने नहीं आया, सिर्फ पॉपुलेरिटी के लिए आया है। कोई मॉडलिंग के लिए, कोई फिल्मों में ट्राय करने तो कोई सीरियल में काम करने के लिए इस शो में आया है। ताकि उन्हें इस शो की वजह से अच्छा प्लेटफॉर्म मिल जाए। सभी झूठे चेहरे लेकर आए हैं। अभी दर्शकों को कंटेस्टंट के असली चेहरे देखने को नहीं मिले। सिर्फ विवेक और उनकी मां अपने लिए दुल्हन लेने आएं हैं।










