शहर में कई बार रुका आतंकी बलविंदर
चंडीगढ़. रोपड़ में सोमवार गिरफ्तार हुए बब्बर खालसा के आतंकी बलविंदर सिंह और हरमिंदर सिंह कई बार चंडीगढ़ ठहर चुके हैं। दोनों आतंकी थाना-36 के अंतर्गत होटलों में कई रातें बिता चुके हैं।
आतंकी जगतार सिंह तारा के गांव डेकवाला (रोपड़) के रहने वाले बलविंदर का क्रिमिनल रिकॉर्ड चंडीगढ़ पुलिस की फाइलों में भी कैद है। यह वही आतंकी है जिसने जून 1998 मंे बुड़ैल जेल को आरडीएक्स से उड़ाने व पंजाब के दिवंगत मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के आरोपी जगतार सिंह हवारा, जगतार सिंह तारा और परमजीत सिंह भ्यौरा को भगाने की साजिश रची थी। चंडीगढ़ की जिला अदालत बुड़ैल जेल को उड़ाने के प्रयास में बलविंदर को सजा भी सुना चुकी है। हालांकि उसने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
आतंकी तारा से भी जुड़े हैं तार
इंटेरोगेशन के दौरान पंजाब पुलिस को खुलासा हो चुका है कि आतंकी बलविंदर सिंह के भगोड़ा आतंकी जगतार सिंह तारा के साथ तार जुड़े हुए हैं। दोनों एक ही गांव के हैं और बचपन के दोस्त हैं। बुड़ैल जेल से फरार होने के बाद आतंकी तारा ने कई बार बलविंदर से मुलाकात भी की है। सूत्रों के मुताबिक पंजाब पुलिस बलविंदर के जरिये आतंकी तारा के ठिकानों और बब्बर खालसा के अगले मनसूबों को जानने का प्रयास कर रही है। जल्द ही चंडीगढ़ पुलिस की स्पेशल टीम इन दोनों आतंकियों की इंटेरोगेशन में शामिल होने जाएगी।
हवारा को भगाने का भी था प्लान
दोनों आतंकी चंडीगढ़ और अंबाला में रह कर बाबा भनियारां वाला की रेकी करते रहे। बाबा भनियारां वाला की कोर्ट में पेशी व वहां जाते वक्त रास्ते में हत्या की योजना बना रहे थे। भनियारां वाला की हत्या के बाद इन्हीं दोनों आतंकियों पर बब्बर खालसा प्रमुख जगतार सिंह हवारा को जेल से भगाने का जिम्मा था।










