पद पर बने रहेंगे जनरल रोड्रिग्स
चंडीगढ़. पंजाब के राज्यपाल की नई नियुक्ति होने तक जनरल एसएफ रोड्रिग्स इस ओहदे पर बने रहेंगे। हालांकि उनका कार्यकाल सोमवार को पूरा हो गया, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि पंजाब सहित कुछ अन्य राज्यों में गवर्नर की नियुक्ति की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, लिहाजा जनरल रोड्रिग्स कुछ और दिनों तक इस पद पर बने रहेंगे।
संविधान के आर्टिकल 155 के तहत राज्यपाल की नियुक्ति पांच वर्ष के लिए होती है, लेकिन नई नियुक्ति तक वह अपने पद पर बने रह सकते हैं। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक चंडीगढ़ में प्रशासक की जगह चीफ कमिश्नर लगाने का कोई इरादा नहीं है। गृह मंत्रालय ने पुरानी व्यवस्था बहाल करने की कोशिश जरूर की थी, लेकिन पंजाब के ऐतराज के चलते इस बारे में कोई फैसला नहीं हो पाया है।
दिन भर चलीं अफवाहें
शहर के विभिन्न विभागों और राजनीतिक पार्टियों में नगर प्रशासक के कार्यकाल खत्म होने या इसमें बढ़ोतरी को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कई राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने अखबार के दफ्तरों में टेलीफोन कर इस बारे में जानकारी ली, तो कुछ ने दिल्ली में अपने तार जोड़ रखे थे।
गवर्नर व नगर प्रशासक के पद पर बैठे व्यक्ति की लोगों से प्रत्यक्ष डीलिंग नहीं होती। इस वजह से इस पद पर नियुक्ति को लेकर ऐसी हलचल देखने को नहीं मिलती। लेकिन, वर्तमान नगर प्रशासक का कुछ मुद्दों पर स्थानीय सांसद और सलाहकार से विवाद रहने के कारण लोगों में इस पद पर नई नियुक्ति या कार्यकाल में बढ़ेातरी को लेकर दिलचस्पी देखने को मिल रही है।
लोगों की सुनीं समस्याएं
हर दूसरे सोमवार आयोजित किए जाने वाले पब्लिक हियरिंग सेशन की तरह इस सोमवार को भी प्रशासक रोड्रिग्स ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इनमें से अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया जबकि कुछ समस्याओं के जल्दी निपटारे के लिए अफसरों को निर्देश दिए गए।
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड इम्पलॉइज कोऑर्डिनशन कमेटी के पदाधिकारियों ने नगर प्रशासक से पब्लिक हियरिंग सेशन में मुलाकात की। उन्होंने प्रशासक से हाउसिंग बोर्ड कर्मचारियों के लिए पेंशन स्कीम शुरू करने क मांग की। प्रशासक ने उनकी मांग सुनने के बाद इस मामले में कानूनी राय लेने के बाद पेंशन स्कीम लागू करने का आश्वासन दिया।
प्रशासक से मिलने वालों में कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य पवन कुमार नरियाल, एस.के. शिंगारी, शिंदर पाल सिंह, गुरमेल सिंह सैनी शामिल थे। पब्लिक हियरिंग सेशन के दौरान गृह सचिव राम निवास, गवर्नर के सचिव एम.पी. सिंह, वित्त सचिव संजय कुमार, नगर निगम के कमिश्नर रोशन संकारिया, डीसी बृजेंद्र सिंह मौजूद थे।










