Tuesday, November 17, 2009 03:48 [IST]  

danik bhaskarजुकाम हो तो भी न भेजें स्कूल

भास्कर न्यूज

swine fluचंडीगढ़. शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद सभी स्कूल सतर्क हो गए हैं। एहतियात बरतते हुए सोमवार को कुछ स्कूलों ने उन सभी छात्रों को घर भेज दिया जिन्हें जुकाम, खांसी व बुखार था। स्वाइन फ्लू के नोडल ऑफिसर एचसी गेरा ने प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल्स के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश भी दिए हैं।



ठीक होने पर ही आएं स्कूल



जुकाम, खांसी व बुखार होने पर श्री गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल, सेक्टर-40 करीब 150 विद्यार्थी घर वापस भेजे गए। अभिभावकों को कहा गया कि बच्चों का चेकअप कराएं और ठीक होने पर ही उन्हें स्कूल भेजें। जिन बच्चों के अभिभावक नहीं आ सके उन्हें स्कूल प्रशासन ने अपने वाहनों में घर पहुंचाया। कुछ दिन पहले स्कूल की चौथी और प्लस टू के दो छात्रों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी।



एसडी-32 की दो क्लासें 22 तक बंद



एसडी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-32 में प्लस-टू कॉमर्स के सेक्शन बी और नॉन मेडिकल के सेक्शन ए के सभी विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया। इन दोनों सेक्शन के एक-एक विद्यार्थी को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि पहले हो चुकी है। इन विद्यार्थियों को 22 नवंबर तक छुट्टी दी गई है। इनके अलावा विभिन्न कक्षाओं के करीब 100 विद्यार्थियों को भी खांसी और जुकाम होने की वजह से घर भेज दिया गया।



उन्हें चेकअप कराने और ठीक होने के बाद ही स्कूल आने को कहा गया है। शिवालिक पब्लिक स्कूल, सेक्टर-41 में छठी के सेक्शन-एस और सेंट जेवियर स्कूल, सेक्टर-44 में नौंवीं के सेक्शन-डी के विद्यार्थियों को भी घर भेज दिया है। स्कूल ने उन्हें अगले सोमवार आने को कहा है। इन दोनों क्लासों में एक-एक विद्यार्थी को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई थी।



स्ट्रॉबरी वर्ल्ड स्कूल, सेक्टर-26 में छठी क्लास के सेक्शन-ए के एक विद्यार्थी को स्वाइन फ्लू होने के शक के कारण इस सेक्शन को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। जबकि एजूकेशन डिपार्टमेंट ने 18 नवंबर को गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-11 में होने वाले करिअर ओरिएंटेशन कैंप को स्थगित कर दिया है।



प्रिंसिपल की बैठक



स्वाइन फ्लू के नोडल ऑफिसर एचसी गेरा ने सोमवार को सेक्टर-10 के गवर्नमेंट मॉडल स्कूल में विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल के साथ बैठक की। इसमें करीब 60 प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल पहुंचे। बैठक में फैसला लिया गया कि स्कूल प्रशासन सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों को निर्देश भेजेंगे कि जुकाम, खांसी, बुखार आदि के लक्षण होने पर बच्चों को स्कूल भेजने के बजाय डॉक्टर के पास ले जाएं।



हर रोज हो चेकअप : इसके अलावा स्कूल में सभी विद्यार्थियों को रोजाना चेक करने की जिम्मेवारी स्कूल डॉक्टर या क्लास टीचर की होगी।



रद्द हों ट्रिप, फंक्शन : स्कूलों में असेंबली, स्पोर्ट्स मीट, ट्रिप, वार्षिक समारोह, एनुअल फंक्शन न करने की हिदायत भी दी गई।



नहीं आए एचएस: बैठक में आए प्रिंसिपल्स का कहना था कि रविवार को उन्हें फोन पर कहा गया कि सोमवार को होम सेक्रेटरी राम निवास, सेक्टर-10 के स्कूल में बैठक करेंगे। लेकिन, बैठक में न तो होम सेक्रेटरी पहुंचे और न ही डीपीआई स्कूल्स सुनील भाटिया आए।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: