स्टांप पर लिखकर दो चुनावी वादे
बालोतरा. चुनावों के बाद नेताओं के अपने वादे पूरे नहीं करने से मतदाता हर बार खुद को ठगा महसूस करता है। लेकिन इस बार नेताओं के वादे झूठे न हों इसका इंतजाम बालोतरा के वार्ड 10 के मतदाताओं ने कर लिया है।नगरपालिका चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों व अपने वार्ड के पार्षद प्रत्याशियों के नाम से स्टांप खरीदकर उन पर शपथ-पत्र लिखवाकर तैयार कर रखे हैं। शपथ-पत्र में समस्याओं के समाधान व वार्डवासियों के सुख—दुख में साथ देने वादा मांगा जा रहा है।
सोमवार को एक पार्षद प्रत्याशी वहां पहुंचीं तो उन्हें ऐसे ही शपथ-पत्र से रूबरू होना पड़ा। बामुश्किल वे वहां से जैसे- तैसे निकलीं, मगर दूसरे प्रत्याशी उस मोहल्ले में जाने से ही कतराने लगे हैं। शपथ-पत्र में लिखा है कि मोहल्ले में नियमित पेयजल सप्लाई, पुरानी बिजली लाइन हटवाकर थ्री फेस कनेक्शन की लाइन लगवाने, महीने में दो बार मोहल्ले आने, बालकनियों से सटे तार हटवाने के साथ खस्ताहाल सड़कें सुधरवाने का वादा चाहिए।
नीचे लिखा है कि मैं पूरे होशो-हवास व बिना कोई नशे-पते के वादा करता हूं कि यदि मैं चुनाव जीतता हूं तो इन समस्याओं का हल 3-4 महीनों मंे प्राथमिकता से करवाऊंगा। वरना या तो अध्यक्ष या पाषर्द पद से इस्तीफा दे दूंगा या गौशाला में दान करूंगा। इसमंे हर्जाने के रूप में अध्यक्ष के लिए दान राशि 51 हजार रुपए व पार्षद के लिए 21 हजार रुपए तय किए गए हैं।










