Tuesday, November 17, 2009 05:50 [IST]  

danik bhaskarखेल बोर्ड में मनमर्जी के नियम

भास्कर न्यूज

अजमेर. महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय खेल बोर्ड में मनमर्जी के नियम चल रहे हैं। हालात इतने विकट हो चले हैं कि खेल बोर्ड के जिम्मेदार अधिकारी मनमर्जी से प्रतियोगिताओं के आयोजन में फेरबदल कर रहे हैं और विवि प्रशासन का उन पर कोई नियंत्रण नहीं है।



ट्रायल के बावजूद पिछले दिनों इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में विवि की टीम को नहीं भेजने वाला खेल बोर्ड नवीनतम मामले में पिछले दिनों ट्रायल करा लिए जाने के बाद अब इंटर कॉलेज प्रतियोगिता करवाने जा रहा है।



..और अब प्रतियोगिता ट्रायल में संभावित खिलाड़ियों की सूची बनाए जाने के बाद विवि खेल बोर्ड ने अब आगामी 3 दिसंबर से इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता का निर्णय लिया है। इसके लिए खेल बोर्ड द्वारा कबड्डी के एक वरिष्ठ कोच से 38 टीमों का ड्रा तैयार करवाए जाने की जानकारी भी मिली है।



इसी तरह का मामला इंटर कॉलेज खो—खो का रहा है जिसमें 22, 23 अक्टूबर को केकड़ी कॉलेज को सौंपी गई इंटर कॉलेज प्रतियोगिता का आयोजन नहीं करवाया जा सका था। जिसके बाद 22 से 24 अक्टूबर तक अजमेर के दयानंद कॉलेज में ट्रायल करवाई गई और उसके बाद 4 नवंबर को पुन: इसी की इंटर कॉलेज प्रतियोगिता करवा ली गई।



इससे पूर्व इसी मामले में 25 अक्टूबर को खिलाड़ियों द्वारा कुलपति भागीरथ सिंह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खेल बोर्ड सचिव चतुभुर्ज परमार का विवि में घेराव तक किया गया था।



इनका नहीं पता एक ओर जहां विवि खेल बोर्ड मनमर्जी से एक ही खेल की दो-दो मर्तबा ट्रायल और प्रतियोगिताएं करवा रहा है वहीं तयशुदा कैलेंडर के मुताबिक खुद की मेजबानी की प्रतियोगिताओं के आयोजन में ही नाकाम रहा है।



कैलेंडर के मुताबिक विवि खेल बोर्ड ने 3 से 5 नवंबर तक पुरुष—-महिला जिम्नास्टिक आयोजन का जिम्मा लिया था। मगर आयोजन करवाने में चुप्पी साधे रखी। इसी तरह हॉकी और तैराकी प्रतियोगिताओं के आयोजन के कोई इंतजाम नहीं होने के बावजूद खुद मेजबान बन बैठे बोर्ड को ऐन वक्त पर प्रतियोगिताओं को यहां—वहां करवाना पड़ा।



बेबस प्रशासन खेल बोर्ड की मनमर्जी के आगे विश्वविद्यालय प्रशासन भी लाचार नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार क्रिकेट के मामले में खेल बोर्ड द्वारा मनमर्जी से बदली गई तिथियों के मामले में विवि प्रशासन ने खेल बोर्ड के अफसरों की क्लास ली है।



मगर इसके बावजूद प्रशासन ने इस मामले में चुप्पी साधे रखी। प्रकरण के संबंध में सोमवार की रात साढ़े नौ बजे कुलपति भागीरथ सिंह बिजराणियां से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बात करने से ही इनकार कर दिया।



क्या है मामला महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय खेल बोर्ड ने चालू वर्ष के लिए इंटर कॉलेज पुरुष हॉकी टूर्नामेंट की खुद मेजबानी ली थी। यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कैलेंडर के मुताबिक इंटर कॉलेज क्रिकेट 20 दिसंबर से आयोजित होनी थी। लेकिन इससे पूर्व ही पिछले दिनों दयानंद कॉलेज के खेल मैदान पर विवि ने इंटर कॉलेज क्रिकेट की ट्रायल करवा कर संभावित खिलाड़ियों की सूची तैयार कर ली।



ट्रायल के लिए विवि द्वारा अशोक गुप्ता व सौलत अली को पर्यवेक्षक और अध्यक्ष प्रतिनिधि लगाया गया था। जबकि दयानंद कॉलेज के प्राचार्य आयोजन अध्यक्ष थे।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: