गौरव पथ का औपचारिक लोकार्पण कल
दुर्ग. आदर्श आचरण संहिता समाप्त होते ही नगर निगम प्रशासन नवनिर्मित भवनों व सड़कों के लोकार्पण की तैयारी में जुट गया है। निगम प्रशासन ने तीन बड़े निर्माण कार्यो का लोकार्पण 18 नवंबर को एक साथ करने का कार्यक्रम तय किया है। लोकार्पण शाम 5 बजे नगरीय प्रशासन मंत्री राजेश मूणत, जिले के प्रभारी मंत्री हेमचंद यादव व सांसद एवं महापौर सरोज पांडेय की उपस्थिति में किया जाएगा।
महापौर सरोज ने लोकार्पण किए जाने वाले नवनिर्मित भवनों व सड़क का जायजा लेकर तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।
निगम के कर्मचारी लोकार्पण की तैयारी के लिए रात दिन काम में जुटे हैं। भवनों के रंग रोगन कर चकाचक किया जा रहा है। गौरवपथ के लोकार्पण की तैयारी को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। दोनों ओर फुटपाथ पर साज सज्जा किया जा रहा है। गांधी प्रतिमा से आनंद नगर तक मार्ग को गौरव पथ के रूप में विकसित किया गया है।
लोगों की सुविधा के लिए पद्मनाभपुर में तीन मंजिले स्वामी विवेकानंद भवन का निर्माण किया गया है। इस भवन में एक साथ तीन बड़े आयोजन किए जा सकते हैं। पार्किग व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। विवेकानंद सभागृह के तीन बड़े हाल है। तीनों हाल का नाम अलग अलग रखा गया है।
सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण हिंदी भवन के सामने किया गया है। इसका लाभ भी शहर की जनता को मिलेगा। दुर्ग आयडल 2009 का फाइनल चुनाव आचार संहिता के कारण नहीं हो पाया था। महापौर ने बताया कि 18 नवंबर को ही दुर्ग आयडल का फाइनल होगा।










