चुनावी हलचल हो गई तेज
सागर. सोमवार को तीनबत्ती स्थित कांग्रेस कार्यालय में निगम चुनाव के तहत टिकट के लिए युवा दावेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। इनमें युवा कांग्रेस द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक राजेंद्र बुधोलिया से मिलने की होड़ लगी थी। कुछ दावेदार तो कार्यालय के बाहर बरसते पानी में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
श्री बुधोलिया सोमवार को सागर आए थे। उन्होंने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं दावेदारों से चर्चा की। श्री बुधोलिया दावेदारों की सूची लेकर रवाना हुए। पैनल द्वारा सुझाए गए नामों की सूची 17 नवंबर को प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी को सौंपी जाएगी। श्री बुधोलिया ने कांग्रेस कार्यालय में बैठक ली। इस मौके पर शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र चौबे, ग्रामीण अध्यक्ष छोटू सिलाकारी, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
श्री बुधोलिया ने कहा कि युवा कांग्रेस को ज्यादा से ज्यादा टिकट मिले एवं कोटे में कटौती न हो, यह प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप ही कार्य होगा।
शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री चौबे ने पर्यवेक्षक श्री बुधोलिया से युवाओं को ज्यादा से ज्यादा टिकट देने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के तहत 50 प्रतिशत युवाओं को टिकट दिलाने के लिए युवा कांग्रेस आवाज उठाएगी। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी जैन ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर कांग्रेस से महापौर पद की कुछ संभावित महिला प्रत्याशी भी मौजूद थीं।
बैठक में रामकुमार पचौरी, महेश जाटव, इंदू चौधरी, रेखा चौधरी, रेणुका खटीक, माधवी चौधरी, अशोक मिश्रा, जितेंद्र चौधरी, ओंकार साहू, अजय तिवारी, श्याम दुबे, अजय यादव, मनोरमा उपाध्याय, सुनल ठाकुर, भूपेंद्र ठक्कर, बब्बू यादव, कमलेश तिवारी, राजकुमार पचौरी, रानू ठाकुर, राजकुमार खटीक, शिवशंकर यादव सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
पर्यवेक्षक सन्मति सैनी आज आएंगे
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक सन्मति सैनी 17 नवंबर को दोपहर 12 बजे कांग्रेस कार्यालय में वार्ड प्रभारियों, टिकट के दावेदारों और कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। जिला शहर कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता मणिकांत चौबे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि श्री सैनी दोपहर 1 बजे कार्यकर्ताओं से खुली बात करेंगे। दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक टिकट के दावेदारों और कांग्रेस पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं से चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।










