प्रेमी ही निकला हत्यारा
पाली. रोहट के समीप एक खेत में हत्या के बाद महिला के शव को जलाने के दो दिन पुराने सनसनीखेज मामले का राज खोलते हुए सोमवार को पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी इदरीश उर्फ बाबू खान कुरैशी पुत्र रमझु खान निवासी रोहट को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के लंबे समय से मृतका से अवैध रिश्ते थे। आरोपी को संदेह था कि महिला के और लोगों से भी ताल्लुकात थे। इस बात को लेकर दोनों में कई बार कहासुनी भी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने महिला की हत्या कर पहचान छिपाने के लिए उसका शव जला दिया। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एसपी डॉ. बीएल मीणा ने बताया कि 14 नवंबर को सुबह रोहट के समीप निंबली गांव जाने वाले कच्चे मार्ग के निकट खेत में महिला का जला हुआ शव मिला था। मौका—ए—वारदात पर खून के धब्बे, मृतका की टूटी चुड़िया तथा एक हाथ घड़ी मिली थी। मृतका के जेवर सलामत थे, जिससे यह मामला हत्या के आरोप में दर्ज किया गया। 15 नवंबर को जेतपुर निवासी देवाराम मेघवाल ने महिला के शव की शिनाख्त अपनी पत्नी वचनी(37) के रुप में की।
सीओ ग्रामीण प्रभुदयाल धानिया व रोहट थाना प्रभारी गणपतसिंह राजपुरोहित की टीम ने तहकीकात कर पता लगाया कि मृतका अपने परिवार के साथ काफी समय से बींजा गांव के पास रहती थी। उसके पिता ने वहां कृषि के लिए खेत ले रखा था।
ढाबे पर बिताई रात, सुबह वारदात
पुलिस के अनुसार अपनी बहन की मौत होने पर मृतका 12 नवंबर को जोधपुर के पास सिनली गांव गई थी। उसने वहां से मोबाइल फोन कर इदरीश को जोधपुर में उसे लेने के लिए बुलाया था। आरोपी ने उसे बस में बैठकर जोधपुर से निंबली गांव तक पहुंचने की बात कही।
12 नवंबर की देर शाम को आरोपी मोटरसाइकिल लेकर निंबली गांव के बस स्टॉप पर पहुंच गया और उसने बस से उतार कर मृतका को अपने साथ ले लिया। उस रात दोनों ने रोहट के समीप हाइवे पर एक ढाबे पर बिताई। 13 नवंबर को तड़के करीब चार—पांच बजे वह महिला को अपनी बाइक पर बैठा कर खेत के टांके पर ले गया। वहां उसने मौका देख कर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में उसने मृतका की पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया। घटना के बाद किसी को संदेह नहीं हो, इसके लिए आरोपी भोपालगढ़ स्थित अपने ससुराल पहुंच गया।
छिना झपट्टी में टूटी चुड़ियां, गिरी घड़ी : झांसे में लेकर आरोपी महिला को उस खेत पर ले गया। मौका देख कर उसने पत्थर से वार किया तो बचाव में महिला ने आरोपी से संघर्ष किया। इन छिना झपट्टी में मृतका की चुड़ियां टूट गई और आरोपी की घड़ी गिर गई। मौके पर खून के धब्बे भी बिखर गए। पुलिस को 14 नवंबर को महिला का जला हुआ शव के पास ही चुड़ियां व घड़ी मिली थी। इस पर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने छानबीन कर आरोपी को भोपालगढ़ सिथत उसके ससुराल में जाकर पकड़ कर लाया।










