आज से स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण
पाली. स्वाइन फ्लू को लेकर सरकार और प्रशासन अलर्ट है। खासकर बच्चों के स्वास्थ्य के एि लिए चिंतित सरकार ने मंगलवार से शाला स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया, जिसके तहत स्कूलों में बच्चों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण होगा और बीमार बच्चों का उपचार किया जाएगा।
जिले में मंगलवार से शुरू होने वाले शाला स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं स्वाइन फ्लू को लेकर सोमवार को जिला प्रशिक्षण केंद्र में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेशचंद्र माथुर ने कहा कि राज्य के बच्चों की शिक्षा के साथ- साथ स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी सरकार की है।
अच्छी शिक्षा के साथ बच्चे स्वस्थ भी रहे इसी उददेश्य से सरकार ने पूरे राज्य में 17 नवंबर से स्कूलों में शाला स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। बीमार बच्चों को निशुल्क उपचार दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. पी.सी. दीपन ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में स्कूलों में स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पाली ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों ने भाग लिया।
बीपीएल रोगी को स्वाइन फ्लू का मुफ्त इलाज
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. माथुर ने बताया कि स्वाइन फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है। बीपीएल परिवार का कोई सदस्य स्वाइन फ्लू की चपेट में आएगा तो उसका मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी द्वारा निशुल्क उपचार किया जाएगा।










