दिनदहाड़े शिक्षिका की चेन छीनी
पाली. बालिया गल्र्स स्कूल से चंद कदम की दूरी पर सोमवार को दिन दहाड़े बाइक पर आए दो युवक शिक्षिका के गले से चैन छिन कर भाग गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग पाया। दोनों आरोपी युवक पल्सर बाइक पर आए थे, जिसकी नंबर प्लेट आरोपियों ने पैरों से ढक रखी थी।
बालिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका सरला भटनागर सोमवार को दोपहर करीब बारह बजे द्वितीय पारी में डयूटी करने पैदल ही स्कूल की ओर जा रही थी। नेहरू उद्यान व नेहरू नगर के बीच वाली गली से वह स्कूल की ओर मुड़ी थी कि पीछे से पल्सर बाइक लेकर आए दो युवकों में से एक ने महिला के गले से डेढ़—दो तोला वजनी सोने की चैन छीन ली। उधर से गुजर रहे समाजसेवी उतमचंद मूथा ने इसकी सूचना पुलिस को दी।पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार थे। शहर में पुलिस ने नाकाबंदी करा संदिग्ध युवकों को पकड़ा, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया।
पहले भी हो चुकी है वारदात
शहर में राह चलती महिलाओं के गले से चैन छीनने का सोमवार को पहला मामला नहीं है। कुछ दिनों पहले वीरदुर्गादास नगर इलाके से कचहरी मार्ग की ओर आ रही एक महिला के गले से भी इसी अंदाज में बाइक लेकर आए बदमाश चैन छीन कर भाग गए थे। गोल निंबड़ा, लोढ़ा बाल निकतेन व बांगड़ अस्पताल के पास नहर वाले मार्ग से भी महिला के गले से चैन छिनने की वारदात हो चुकी है, लेकिन इनमें से अब तक एक भी आरोपी को पता नहीं लग पाया।










