जल्द बनेगी नई कृषि नीति: कुन्नर
कठूमर/खैरथल. कृषि विपणन राज्य मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर ने कहा कि प्रदेश में जल्द नई कृषि नीति बनाई जाएगी। इसमें आधुनिक व वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर जोर दिया जाएगा और कमजोर कृषि उपज मंडियों को आर्थिक दृष्टि से सुदृढ़ बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
साथ ही किसानों के लिए जिला स्तर पर किसान विश्राम गृह बनाए जाएंगे। कठूमर में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में कृषि राज्य मंत्री सिंह ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कृषि विपणन में भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कठूमर में कृषि उपज मंडी खुलवाने का भी आश्वासन दिया।
खैरथल में कृषि विपणन राज्य मंत्री कुन्नर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि गेहूं के बीज की कमी शीघ्र दूर कर दी जाएगी। इसके अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को फव्वारा, ड्रिप सिंचाई के लिए प्रोत्साहित कर छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडी चलाने में किसान, व्यापारी व मजदूर आधार होता है, इसके मद्देनजर उनकी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।










