अब रोशन होंगी शहर की गलियां
पानीपत. पिछले कई महीनों से अंधेरे में डूबी गलियां और चौराहों के जल्द ही दिन फिरने वाले हैं। करीब तीन महीने से लटके स्ट्रीट लाइट के ठेके को उपायुक्त ने मंजूरी दे दी है।
हरी झंडी मिलते ही ठेकेदार ने मॉडल टाउन में टूटी स्ट्रीट लाइट को दुरस्त करवाना शुरू भी कर दिया है।
इससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। ध्यान रहे कि स्ट्रीट लाइट का ठेका जुलाई में खत्म हो गया था। परिषद में टेंडर पास होने के बाद उपायुक्त की स्वीकृति के लिए कई दिन तक टेंडर लटके रहे। बाद में आचार संहिता लागू हो गई। इस वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई।
4110 प्वाइंट की होगी मरम्मत
शहर में कुल 4110 प्वाइंट है। इन सभी प्वाइंट की मरम्मत होनी है। ठेकेदार ने बताया कि प्रत्येक प्वाइंट की मरम्मत के लिए 105 रुपए का ठेका दिया गया है। ठेका एक साल का है। मरम्मत के लिए ठेकेदार के सात कर्मचारी है। ठेकेदार सतपाल ने बताया कि ठेका जुलाई तक रहेगा और इससे पहले प्वाइंट ठीक कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कमेटी में पहले सामान नहीं था लेकिन अब आ चुका है।
फ्यूज सोलर लाइट के लिए कोई योजना नहीं
शहर में लगी 40 सोलर लाइट सालों से फ्यूज पड़ी हैं। लेकिन इन लाइट की कोई सुध नहीं ले रहा है। पार्षद हरीश शर्मा ने बताया कि यह लाइट सिर्फ शो पीस बनकर रह गई हैं। हजारों रुपए से खरीदी गई सोलर लाइट अधिकारियों की लापरवाही की वजह से आज तक ठीक नहीं हो पाई। इस बारे में अधिकारियों ने बताया कि अभी इन लाइट के मरम्मत की कोई योजना नहीं है।










