स्वाइन फ्लू के 4 और केस मिले
पानीपत. प्रदेश में स्वाइन फ्लू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पानीपत और अम्बाला में दो-दो नए मामले मिले हैं। इनमें दो छात्र एवं दो छात्राएं हैं। पानीपत में ताजा मामले मॉडल टाउन और करतार शाह कॉलोनी से मिले हैं। पीड़ितों में एक चार वर्षीय बच्च है, जबकि दूसरी 15 वर्षीया लड़की है।
दोनों शहर के अलग-अलग स्कूलों के हैं और इनके सैंपल शुक्रवार को लिए गए थे। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अश्विनी गर्ग ने बताया कि दोनों स्वाइन फ्लू के मरीज के संपर्क में आए थे। अन्य लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं। वहीं, अम्बाला छावनी स्थित एसडी पब्लिक स्कूल की आठवीं की छात्रा और चंडीगढ़ के एक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है।
नोडल आधिकारी सुरेंद्र मोहन ने इसकी पुष्टि की है। छात्र हॉस्टल में रहता है और कुछ दिन से खांसी, जुकाम व बुखार था। छात्रा के साथ रहने वाली एक और बच्ची का सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसडी स्कूल के विद्यार्थियों में टेमीफ्लू की गोलियां बांटी हैं। उन्हें एहतियात बरतने की हिदायत दी है।










