अनूपगढ़ बॉर्डर पर पाक घुसपैठिया ढेर
श्रीगंगानगर/अनूपगढ़. जिले की अनूपगढ़ स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास कर रहे एक पाक घुसपैठिए को सोमवार सुबह बीएसएफ ने ढेर कर दिया। उससे पाकिस्तानी सिगरेट व माचिस बरामद हुई है। पाक रेंजर्स के इंकार के बाद बीएसएफ ने शव वहीं दफना दिया।
बीएसएफ सूत्रों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब छह बजे पाकिस्तानी क्षेत्र से आए सफेद पठानी सूट पहने एक व्यक्ति ने अनूपगढ़ की मजनूं चौकी से भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास किया। वहां तैनात जवानों ने उक्त व्यक्ति को रुकने के लिए कहा तो उसने धुंध की आड़ में झाड़ियों में छिपने का प्रयास किया।
इस पर बीएसएफ के जवानों ने फायर कर उसे मौके पर ही मार गिराया। करीब 45 वर्षीय उक्त व्यक्ति की तलाशी में जेब से माचिस व सिगरेट की डिब्बी मिली, जिस पर अंग्रेजी व उर्दू में मैड इन पाकिस्तान मोरवीन गोल्ड कंपनी लिखा था। सूचना मिलने के बाद मुख्यालय से डीआईजी सीआर चौहान ने मौके पर जाकर घटनास्थल का मुआयना किया।
उन्होंने पाक रेंजर्स को बुलाकर घटना की जानकारी दी, साथ ही शव लेने के लिए कहा। रेंजर्स के इंकार के बाद बीएसएफ ने उन्हें तारबंदी के समीप घुसपैठिए के फुट प्रिंट भी दिखाए, फिर भी रेंजर्स ने शव लेने से मना कर दिया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव को वहीं दफना दिया गया। शाम को बीएसएफ ने उक्त घटना पर तीव्र विरोध जताते हुए पाक रेंजर्स को प्रोटेस्ट नोट सौंपा।
तीसरी कोशिश के बाद हाई अलर्ट : मजनूं चौकी से घुसपैठ की लगातार होती कोशिशों से बीएसएफ की पेशानी पर बल आ गए हैं। इन्हीं महीनों में घुसपैठ की पहली कोशिश यहां मई 09 में हुई थी। तब भी एक घुसपैठिया मारा गया था।
अक्टूबर में भी इसी क्षेत्र में एक घुसपैठिया ढेर हुआ था। डीआईजी ने आशंका जताई कि पाक घुसपैठिए इस चौकी क्षेत्र में बीएसएफ की सतर्कता देखने आते हैं। सोमवार को भी घुसपैठिए ने सफेद सूट पहन रखा था, ताकि वह धुंध में किसी को दिखे नहीं। उन्होंने कहा कि घुसपैठ की कोशिश करने वाले किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।










