डेरा मुखी आज आएंगे गुरुसर मोडिया
श्रीगंगानगर. डेरा मुखी गुरमीतराम रहीमसिंह चार दिनी दौरे पर मंगलवार को गुरुसरमोडिया पहुंचेंगे। प्रशासन ने विभिन्न विभागों की रिपोर्टे आने के बाद उनके दौरे को हरी झंडी दे दी है। सूत्रों के अनुसार डेरा मुखी कड़ी सुरक्षा में मंगलवार को गुरुसरमोडिया पहुंचेंगे।
वहां वे खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन करेंगे और 19 को सत्संग करेंगे। डेरा मुखी 20 नवंबर को वापस डेरा मुख्यालय जाएंगे। प्रशासन ने एसटी-एससी प्रकोष्ठ प्रभारी राजेंद्र मीणा को गुरुसरमोडिया में कार्यपालक मजिस्ट्रेट लगाया है। पुलिस सुरक्षा के लिए एसपी को लिखा गया है।
25 मेंबरी कमेटी के सदस्य गोपाल इंसा ने बताया कि डेरा मुखी श्रीगुरूसर कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। प्रतियोगिता में कबड्डी के सर्किल (पंजाब स्टाइल) व नेशनल कबड्डी के मुकाबले करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सर्किल कबड्डी की विजेता टीम को 25 हजार रुपए व ट्राफी तथा उपविजेता टीम को 20 हजार व ट्राफी दी जाएगी।नेशनल कबड्डी की विजेता टीम को 15 हजार व ट्राफी तथा उपविजेता टीम को 10 हजार रुपए व ट्राफी दी जाएगी। उक्त प्रतियोगिता का समापन 18 नवंबर को होगा। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।










