भाखड़ा में कल से मिलेगा 1200 क्यूसेक पानी
हनुमानगढ़. भाखड़ा प्रणाली में 1200 क्यूसेक पानी देने की मांग को लेकर सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में किसानों की कलेक्ट्रेट के समक्ष सभा हुई। पूर्व मंत्री गुरजंटसिंह बराड़ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की समस्याएं हल करने में विफल रही है।
किसान पर्याप्त सिंचाई पानी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं लेकिन सरकार पूरा पानी दिलाने के कोई प्रयास नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि भाखड़ा प्रणाली को 1200 क्यूसेक पानी की जगह मात्र 700 क्यूसेक पानी मिल रहा है। इससे हजारों किसानों की बारियां पिट रही हैं।
प्रदेशाध्यक्ष रामसिंह बराड़ ने कहा कि कम पानी मिलने से रबी फसलों की बिजाई प्रभावित हो रही है। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री धर्मवीर गोदारा ने कहा कि भाखड़ा बांध में पर्याप्त पानी होने के बावजूद किसानों को पानी नहीं दिया रहा है। 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक कम पानी मिलने से सरसों की पर्याप्त बिजाई नहीं हो पाई है।
सभा को भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेद्र मोची, भाजपा के श्रीगंगानगर जिला उपाध्यक्ष आत्माराम तरड़, सादुलशहर कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष साहबराम पूनियां, संगरिया कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष रणजीतसिंह बराड़, पूर्व सरपंच कृष्णचंद्र भांभू, भाजपा देहात मंडल सादुलशहर के अध्यक्ष हरपालसिंह सरां व रिंकू ठाकरे आदि ने संबोधित किया।
एडीएम जीतराम गोदारा ने सभा में पहुंचकर बुधवार से भाखड़ा प्रणाली को 1200 क्यूसेक पानी देने की घोषणा की। एडीएम ने कहा कि पंजाब से रिलीज किया गया पानी मंगलवार शाम तक पहुंच जाएगा और बुधवार सुबह से किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगा।
इस दौरान किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन देकर कम पानी मिलने से पिटी नहरों की क्षतिपूर्ति करने, रबी फसल की पकाई तक 1200 क्यूसेक पानी देने, नहरों में पानी के उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने व संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा पानी घटने से जो नहरें प्रथम वरीयता में पिटती है, उसकी भरपाई करने की मांग की।
एक दिन पहले भी की थी घोषणा: रविवार को अखिल भारतीय किसान सभा के पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक व सिंचाई विभाग के अधिकारियों की वार्ता हुई थी। इसमें एडीएम व सिंचाई विभाग के एसई रजनीकांत ने मंगलवार शाम या बुधवार सुबह से भाखड़ा प्रणाली को 1200 क्यूसेक पानी देने की घोषणा की थी।










