राजीव राजा के साथी गिरफ्तार
हिसार. बरवाला पुलिस ने शराब ठेके के कारिंदे काकड़ौद के प्रवीण की हत्या के आरोप में हसनगढ़ के राजबीर और दनौदा कलां के भीम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में निर्दलीय प्रत्याशी राजीव राजा और मतलोडा के कुलदीप को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने दोनों को सोमवार को ज्युडिशियल मजिस्ट्रेट मोनिका गुप्ता की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर को राजली व पंघाल के बीच हसनगढ़ निवासी राजीव राजा और उसके साथियों ने गोली मारकर काकड़ोद के प्रवीण की हत्या कर दी थी।
वह राजली के शराब ठेके का कारिंदा था। राजा बरवाला हलके से निर्दलीय प्रत्याशी था। पुलिस ने इस बारे में ठेकेदार ढाड निवासी सतबीर की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर राजीव राजा और मतलोडा के कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया था। अदालत ने बाद में दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस मामले में अब पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
महिला का पर्स छीनकर लड़का फरार
राजगुरु मार्केट में एक लड़का डिफेंस कॉलोनी की ऋचा पूनिया का पर्स छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एक इंस्टीट्यूट चलाने वाली ऋचा पूनिया सोमवार को कार में शॉपिंग करने राजगुरू मार्केट में गई थी। वह शॉपिंग करने के बाद शोरूम से बाहर निकली और कार की खिड़की के निकट पहुंची।
तभी एक लड़का उनके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गया। उन्होंने शोर मचाया, मगर कोई उसे पकड़ न पाया। पर्स में सोने की एक अंगूठी, करीब सात हजार रुपए और कुछ जरूरी कागजात थे। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
कार का शीशा तोड़ लैपटाप व ब्रीफकेस चोरी
पुष्पा कांप्लैक्स के समीप सोमवार को एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा लैपटाप व एक ब्रीफकेस चोरी हो गया। यह कार कैंट के सेनाधिकारी अजीत सिंह की बताई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए चोर की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह कैंट से लेफ्टिनेंट कर्नल अजीत सिंह शॉपिंग के लिए अपनी कार से पुष्पा कांप्लैक्स आए थे। उन्होंने कार को एक जगह पर पार्क कर दिया। वह जब सामान खरीदकर बाहर आए तो कार का शीशा टूटा हुआ व उसमें रखा लेपटाप व ब्रीफकेस गायब मिला। इस पर अजीत सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अवैध शराब के साथ दो लोग गिरफ्तार
सदर पुलिस ने अवैध शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें राखी शाहपुर निवासी सत्यनारायण एवं सुभाष शामिल हैं। सदर पुलिस ने बताया कि दोनों के पास से 120 नाजायज शराब की बोतलें बरामद कर मारुति कार को जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक कार में शराब ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार किए गए दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।










