शराब पी पुलिस से की हाथापाई
हिसार. कैंप चौक पर अर्धनग्न हालत में शराब पीने के आरोप में पुलिस ने अर्बन एस्टेट के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर शराब पीकर झगड़ा करने का मामला दर्ज किया है। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब पौने एक बजे अर्बन एस्टेट के दो युवक शराब के नशे में धुत थे। यह दोनों अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे। उन्होंने कैंप चौक पर आकर झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना किसी ने पीएलए चौकी को दी। सूचना मिलने के बाद हवलदार अजय व उसकी टीम मौके पर आई।
पुलिस टीम ने जब उनको झगड़ा करने से रोका तो उनमें से अर्धनग्न हालत में एक युवक ने उनसे हाथापाई की कोशिश की। इस पर पुलिस टीम ने उनको दबोच लिया व पीएलए चौकी ले आई। यहां आने के बाद युवकों ने ऊंची पहुंच होने का धौंस दी। इसके बावजूद पुलिस ने उनके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर झगड़ा करने के आरोप में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।










