स्टेशन पर दोनों ओर से आ सकेंगी रेलगाड़ियां
हिसार. हिसार रेलवे स्टेशन पर अब जल्द ही एक लाइन पर कई गाड़ियां आ सकने की व्यवस्था की जा रही है। हिसार रेलवे स्टेशन यार्ड का सिंगल इंटरलाकिंग सिस्टम बदलकर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग सिस्टम तैयार किया जा रहा है। यार्ड की रिमॉडलिंग के तहत चल रहे इस कार्य के पूरा होने में लगभग एक महीने का समय लगेगा।
इसके बाद एक लाइन पर दोनों तरफ से रेलगाड़ियां आ सकेंगी। लाइन पर एक गाड़ी खड़ी होने की स्थिति में दूसरी गाड़ी को खाली लाइन पर डाला जा सकेगा। रेलवे सभी लाइनों को कंट्रोल करने के लिए एक ही जगह पर कंट्रोल रूम बना रहा है।
हिसार रेलवे स्टेशन पर फिलहाल सिंगल इंटरलाकिंग सिस्टम लागू है। इसके चलते एक लाइन पर अगर एक रेलगाड़ी आ जाए तो उस पर दूसरी रेलगाड़ी नहीं आ सकती। दूसरी गाड़ी को पहली गाड़ी के जाने का इंतजार करना पड़ता है। इस कारण से रेलगाड़ियां काफी लेट हो जाती हैं। इसी बात को ध्यान में रखकर रेलवे विभाग की तरफ से हिसार रेलवे स्टेशन के यार्ड की रिमॉडलिंग का काम शुरू किया गया है।
इस कार्य के तहत स्टेशन की रेल लाइनों को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग सिस्टम में बदला जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग सिस्टम के लिए नई लाइनें डाली जा रही हैं। यह कार्य पूरा होने पर स्टेशन यार्ड की सभी रेल लाइनें आपस में जुड़ जाएंगी।
ऐसा होने पर अगर एक रेल लाइन पर रेलगाड़ी खड़ी है तो उसी लाइन पर आने वाली दूसरी रेलगाड़ी को अन्य किसी भी खाली लाइन पर डालकर रेलवे यार्ड में भेज दिया जाएगा। इससे गाड़ी को इंतजार नहीं करना होगा। नई व्यवस्था के तहत गाड़ियों को लाइन क्लीयर होने या न होने का सिग्नल देने का सिस्टम भी बदला जाएगा।
अब तक यहां पर गाड़ियों को सिग्नल देने के लिए मानवीय आधार पर सिग्नल अप या डाउन किए जाते हैं। नई व्यवस्था के तहत पुराने सिग्नल सिस्टम को हटाकर इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल सिस्टम लगाया जाएगा। ये सिग्नल कंप्यूटर के जरिए कंट्रोल रूप से जुड़े होंगे।
हिसार रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे अस्पताल की बगल में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग को कंट्रोल करने के लिए कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। अब स्टेशन मास्टर उस कंट्रोल रूम में बैठकर ही स्टेशन पर आने वाली सभी गाड़ियों को कंट्रोल कर सकेगा।
फाटक रहेगा बंद
इस इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग निर्माण कार्य के तहत मंगलवार को डाबड़ा चौक से महावीर कॉलोनी की तरफ जाने वाली सड़क पर स्थित डबल फाटक के पास कार्य किया जाएगा। तेल डिपो क्षेत्र के पास स्थित बी-91 नंबर का यह डबल फाटक इस निर्माण कार्य के चलते मंगलवार को बंद रखा जाएगा। यहां से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यहां से निकलने वाले वाहनों को एक दिन के लिए दूसरे मार्र्गो का प्रयोग करना होगा।
हिसार रेलवे स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग के तहत नई इंटरलाकिंग व्यवस्था का निर्माण कार्य चल रहा है। नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग व्यवस्था लागू होने पर एक लाइन पर दो गाड़ियां आने पर भी उसे दूसरी लाइन पर डालकर यार्ड तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे रेलगाड़ियों के संचालन में काफी आसानी होगी और समय की काफी बचत होगी। इस कार्य को पूरा होने में एक महीने का समय लगेगा। - एसडी कुशवाह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (निर्माण), रेलवे विभाग










