आठ और पॉजिटिव रोगी मिले
सीकर/ झुंझुनूं. सोमवार को शेखावाटी में आठ और स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिले। इनमें से छह तो मोदी संस्थान की छात्राएं हैं, जिन्होंने अपने घर जाकर जांच कराई तो पॉजिटिव पाई गईं। वहीं, जयपुर में उपचाराधीन झुंझुनूं का छात्र और सीकर के कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय की छात्रा भी पॉजिटिव पाई गई। शेखावाटी में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 35 हो गई।
सीकर सीएमएचओ डा. आरके मीणा ने बताया कि मोदी संस्थान में अवकाश के बाद घर जाकर सतना निवासी ऋषि अग्रवाल, बिहार के सीतामढ़ी निवासी लवनिया, धौलपुर, बाड़ी निवासी शिवांगी, मथुरा की गीतिका गर्ग, जयपुर की मृदुषि जैन और श्रीया सचदेवा ने जांच कराई तो वे स्वाइन फ्लू पाजिटिव पाई गईं।
सीएमएचओ ने इस संबंध में स्थानीय स्वास्थ्य महकमे को इसकी रिपोर्ट भेजकर पॉजिटिव छात्राओं की निगरानी रखने को कहा है। वहीं, कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय की छात्रा कोछोर के सवाईपुरा गांव निवासी कुमारी जीतू (12) पुत्री प्रभात कुमार भी जयपुर के जेके लॉन अस्पताल में जांच में पॉजिटिव पाई गई।
उसे 10 नवंबर को सीकर से रैफर किया गया था। स्वास्थ्य महकमे की टीम छात्रा के गांव भेजी गई है। उधर, झुंझुनूं जिले के बुहाना तहसील के लालामांडी गांव निवासी जयपुर से बीसीए कर रहे छात्र विकास को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। वह अपने परिवार के साथ सांगानेर में रह रहा है।
लक्षण पाए, गंभीर हालत में छात्र जयपुर रैफर सीएमएचओ ने बताया कि शहर के एक निजी अस्पताल से वार्ड नंबर 15 नई ईदगाह मस्जिद निवासी मदनी मिडिल स्कूल के छात्र सोहेल (8) पुत्र अनवर अली को गंभीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया गया।
सुबह बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के डाक्टर इलियास ने बताया कि एक्स-रे एवं अन्य जांच में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए। बच्चे को जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमएचओ ने बताया कि बच्चे की हालत गंभीर है, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।










