दो पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
दांतारामगढ़. दांता चौकी के दो पुलिस कर्मियों ने शनिवार रात रुपए न देने पर बस मालिक को चौकी में ले जाकर मारपीट की। इससे आक्रोशित लोगों ने चौकी का घेराव कर पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद भी सुनवाई न होने पर लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे डीएसपी ने एसपी को पूरा मामला बताया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिस कर्मियों को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, दांता चौकी के दो पुलिसकर्मियों ख्यालीराम व बृजमोहन मीणा ने शनिवार रात करीब डेढ़ बजे कस्बे में बस सीटों की मरम्मत का कार्य करा रहे बस मालिक डीडवाना निवासी श्रवण कुमार शर्मा पुत्र पूनम चंद शर्मा से एक हजार रुपए मांगे। आरोप है कि बस मालिक ने रुपए मांगने का कारण पूछा तो पुलिस कर्मी उसकी पिटाई करते हुए चौकी ले गए।
दुकानदार ने बीचबचाव किया तो उसके साथ भी गाली-गलौज की। चौकी ले जाकर बस मालिक के साथ दोनों ने बेल्टों से मारपीट की।जिससे श्रवण की आंख व शरीर पर चोटें आईं।
आंख में अधिक चोट आने के कारण वह जयपुर उपचार कराने चला गया, सोमवार को उसने कस्बे में पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। कस्बे में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज न होने से आक्रोशित लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
दोनों घटनाओ के विरोध में माकपा व किसान सभा के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने चौकी का घेराव कर दिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी समुंद्रसिंह ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। थोड़ी देर बाद ग्रामवासी व माकपा पदाधिकारी थाने पहुंचे, लेकिन वहां तब तक चोरी का मामला भी दर्ज नहीं हुआ था। एक बार फिर लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने पटवार घर के सामने रास्ता जाम कर दिया और दांता चौकी घेर ली।
सूचना मिलने पर सीओ नाहर सिंह व खाटूथाना प्रभारी रविन्द्र प्रतापसिंह भी मौके पर पहुच गए। पुलिस उपाधीक्षक ने चोरी का मामला दर्ज करने व मारपीट की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
करीब बीस मिनट तक घेराव और जाम रखने के बाद लोगों ने आश्वासन पर जाम खोल दिया। दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग भी उठी, लेकिन डीएसपी ने जांच के बाद मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया। इधर, सीओ ने एसपी संतोष चालके को पूरे प्रकरण की जानकारी दी। एसपी ने दोनों पुलिस कर्मियों को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया।










