Tuesday, November 17, 2009 07:48 [IST]  

danik bhaskarजनता के सवालों से घिरे प्रत्याशी अचकचाए, दी सफाई

हरीश बी. शर्मा

बीकानेर. ‘उस्मान भाई वोटां री बात तो ठीक है, पण आ सड़क कद बणसी?’ वार्ड की जनता से मिलने पहुंचे कांग्रेस के वार्ड 26 से प्रत्याशी उस्मान गुर्जर जब पंचमुखा हनुमान मंदिर रोड पर पहुंचते हैं तो दिलीप खान का सवाल चौंका देता है। उस्मान कहते हैं ‘टेंडर हुयोड़ा है, बणसी थ्यावस राखो।’



सोहनलाल कहते हैं माताजी मिंदर सूं पंचमुखा हणमानजी तईं चकलां (ब्लॉक) री सड़क बणनी चइजै। उस्मान उन्हें भी समझाते हैं बणसी काका, अबार तो रोक लाग्योड़ी है सैं कामां पर। म्हने मौको तो दिरावो। पैला किसा काम कराया कोयनी? उस्मान की बात पर जनता कुछ सहमत नजर आती है लेकिन देवाराम के लिए हरिजनों के श्मशान गृह की लाइटों की समस्या और मुन्ना के लिए आडूशाह पीर की दरगाह के आगे से जाने वाली रोड का मसला महžवपूर्ण है।



धर्मेन्द्र तंवर स्कूल को क्रमोन्नत करने की मांग करते हैं तो धर्मेन्द्र और सुनील चाहते हैं इस वार्ड में एक पार्क तो बने। वोट मांगने पहुंचे उस्मान इन स्थितियों में थोड़े परेशान होते हैं। उनका कहना है कि पार्षद रहते उन्होंने काफी काम करवाए हैं। वार्ड वाले इस बात को जानते हैं।



डिस्पेंसरी बन गई है। सीवरलाइन की समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया गया है। उस्मान के प्रतिद्वंद्वी भाजपा के प्रत्याशी उमेश कच्छावा कहते हैं कि वार्ड की स्थिति देखकर कहा ही नहीं जा सकता है कि यहां विकास हुआ भी है। एक क्षेत्र में काम करवाने से वार्ड का विकास कैसे माना जा सकता है।



जनता से वोट मांगने पहुंचे उमेश की इस बात पर जनता सहमति तो देती है लेकिन प्रत्याशी की प्राथमिकता पूछने से भी नहीं चूकती। इस वार्ड की सबसे बड़ी समस्या सवालखी तलाई से जुड़ी मानी जाती है, इस समस्या के समाधान के लिए किए गए प्रयासों को नाकाफी बताते हुए राजू मिश्रा कहते हैं, अगर यही हालात रहे तो मिनी सूरसागर बन जाएगा।



उमेश कहते हैं ऐसा नहीं होने दूंगा। इस तलाई के खुले नाले को बंद करवाया जाएगा। देवीसिंह गहलोत कहते हैं कि सफाई कर्मचारी तो इस वार्ड में देखे ही नहीं गए हैं। मुकेश रामावत की शिकायत है कि कुछ इलाके आज भी सीवरेज से वंचित हैं। उमेश कहते हैं कि उनके सामने पूरे वार्ड का विकास करने का लक्ष्य है और हर समस्या को एक के बाद एक करते हुए समाधान करूंगा।



पानी और बिजली के कनेक्शन भी नसीब में नहीं



विवेक नगर के फैजू खां हो या पंजाबगिरान की सोफिया बानो। महावीर प्रसाद शर्मा और रतनसिंह भी पीछे नहीं रहते। वार्ड नंबर 48 महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड है। जैसे ही महिला प्रत्याशी वोट मांगने आती हैं, वार्डवासी अपनी समस्याओं के अंबार लगा देते हैं। महिलाओं को देखकर महिलाएं ज्यादा मुखर हो जाती हैं।



सोफिया बानो कहती हैं कि आप जानते हैं पंजाबगिरान के अधिकांश घरों में आज भी लाइट-पानी नहीं है। घर के पास पोल नहीं है तो कैसे लें कनेक्शन और पानी स्टैंड से भरकर लाते हैं। पानी का स्टैंड भी टूटा पड़ा है। कांग्रेस की प्रत्याशी चंद्रकंवर को देखकर कहती हैं आप दिलवाएंगी क्या हमें लाइट-पानी?



चंद्रकंवर सवाल सुनकर सकपका जाती हैं लेकिन कहती है आप चिंता नहीं करें। अगर आपके यहां वोट मांगने आई हूं तो निश्चित है कि समस्याओं का समाधान भी करूंगी। राजनीति मैं मेरी रुचि रही है हमेशा ही। चुनाव के लिए अब आई हूं। वहीदा कहती है सामुदायिक भवन तक नहीं है हमारे यहां। मोहम्मद अफजल की मानें तो गांव बना हुआ है यह वार्ड। किसनसिंह यहां होने वाली चोरियों को रुकवाने की मांग करते हैं।



दूसरी ओर विवेक नगर में भाजपा की प्रत्याशी लक्ष्मीकंवर हाडलां को वार्डवासी घेर लेते हैं। हालांकि महिला प्रत्याशी होने की वजह से कुछ सदाशयता भी बरती जाती है लेकिन फैजू खान पूछ ही लेते हैं कि नाजायज अतिक्रमण और अनुचित रूप पड़े मलबे कौन हटवाएगा। यहां ओवरफ्लो होने वाला नाला बड़ी समस्या है जिसके लिए इकबाल का कहना है कि कोई सुनवाई नहीं होती।



महावीर प्रसाद शर्मा और रतनसिंह यहां सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं। दोनों का कहना है कि रात को रोशनी नहीं मिलती, दिनभर सफाई करने कोई नहीं आता। यह वार्ड पूरी तरह से उपेक्षित ही रहा है। लक्ष्मीकंवर कहती हैं कि बीपीएल परिवारों के लिए राशनकार्ड आदि बनवाने का काम करवाया गया है। नाले का सुधार करवाया जाएगा। इस वार्ड की कई समस्याएं हैं लेकिन कई समस्याओं का समाधान भी करवाया गया है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: