महिलाओं ने छीने गैंती और कस्सी
अमृतसर. खस्ताहाल सड़क को बनाने में किए जा रहे भेदभाव से नाराज वार्ड 32 की महिलाओं ने सोमवार को राज्य सरकार व पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान महिलाओं ने काम को भी रुकवा दिया।
इनका आरोप था कि विभाग सिर्फ कुछ रसूखदार लोगों के घरों के सामने ही काम करवा रहा है। बताते चलें कि इस वार्ड के न्यू आजाद नगर की प्रमुख बाजार तूड़ी वाली की गली नंबर एक लंबे समय से उपेक्षित है। यहां से गुजरना भी मुश्किल है। इसको ठीक करवाने के लिए लोगों ने कई बार पार्षद व नगर निगम से कहा, मगर ध्यान ही नहीं दिया गया।
लोगों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब गली के दो तीन घरों के बाहर सड़क बनाने का काम शुरू किया गया और बाकी की सड़क को वैसे ही रहने दिया गया। नाराज महिलाओं ने काम शुरू होते ही विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने मजदूरों के हाथों से गैंती व कस्सी छीन लिए और उनको बैरंग वापस कर दिया।
पंजाब स्त्री सभा की जिला सहायक सचिव व सीपीआई की स्टेट कौसिंल मैंबर कृष्णा बाजवा के नेतृत्व में विरोध पर उतरी महिलाओं कुलदीप कौर, दलजीत कौर, नरिंदर कौर नागी, तलविंदर कौर, बलबीर कौर, मनजीत कौर, सुरिंदर कौर आदि ने पहले तो काम रोका और फिर नगर निगम, राज्य सरकार व पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि यह नाइंसाफी है, इसे किसी भी कीमत पर नहीं सहन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिना पूरी सड़क को काम में शामिल किए अगर कुछ लोगों को खुश करने की कोशिश की गई तो वह इलाके के लोगों के साथ पार्टी स्तर पर विरोध जताएंगी। उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार की यह सड़क लंबे समय से खराब है, मगर इस तरफ पार्षद ने ध्यान ही नहीं दिया।
अब कुछ लोगों की सिफारिश पर उनके घरों से बाहर की सड़क बनाई जा रही है। उधर, पार्षद शमशेर सिंह शेरा का कहना है कि कुछ घरों के बाहर सड़क खराब थी और उस पर पैच डाला जा रहा है। वह काम तो पूरी सड़क का करवाएंगे, मगर काम को देख कर ऐसा नहीं लगता है कि यह सिर्फ पैच वर्क का काम है। मेयर श्वेत मलिक का कहना है कि संभव है कि एस्टीमेट ही इतने काम का हो फिर भी मैं मामले को देखूंगा। पूरी सड़क बनवाई जाएगी भले ही इसमें थोड़ा वक्त लगे।










