स्वाइन फ्लू के पांच मरीज मिले
ग्वालियर. छावनी क्षेत्र मुरार के मिलिटरी हॉस्पिटल में भर्ती पांच मरीज स्वाइन-फ्लू पॉजीटिव पाए गए हैं। शहर में स्वाइन-फ्लू का वायरस अहमदाबाद से आया है।
सूत्रों के अनुसार, सेना में कार्यरत 26 वर्षीय गोपाल चौहान गत माह कई दिनों तक अहमदाबाद में रहा। वहां से मुरार छावनी क्षेत्र में लौटने पर उसे फ्लू की शिकायत महसूस हुई।
गोपाल को मिलिटकी हॉस्पिटल मुरार में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने उसकी लार का सैंपल रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना (डीआरडीई) ग्वालियर की लैब में जांच के लिए भेजा। गत पांच नवंबर को लैब की जांच रिपोर्ट में मरीज स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाया गया।
मिलिटरी हॉस्पिटल में स्वाइन फ्लू का पहला मरीज मिलने के बाद डाक्टर अलर्ट हो गए और अन्य संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए डीआरडीई लैब में भेजे गए। डीआरडीई की रिपोर्ट में 34 वर्षीय ओम प्रकाश, 44 वर्षीय सुमन बाला व 41 वर्षीय ले. कर्नल गुरुनीश सिंह स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाए गए। इसके अलावा साढ़े वर्षीय हर्ष पुत्र ओमप्रकाश एच-1 एन-1 पॉजीटिव पाया गया है। ये सभी मरीज मिलिटरी अस्पताल में भर्ती हैं।
राज्य शासन को भेजी रिपोर्ट मिलिटरी हॉस्पिटल प्रशासन ने स्वाइन फ्लू से पीड़ित पांचों मरीजों की जानकारी मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भेज दी। सीएमएचओ डा.अर्चना शिंगवेकर ने मुख्यालय भोपाल में स्वाइन फ्लू की यह रिपोर्ट भेज दी। इसके अलावा उन्होंने सभी डाक्टरों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। ग्वालियर में पहली बार स्वाइन-फ्लू पॉजीटिव मरीज पाए गए हैं।
पशुओं में फैला स्वाइन फ्लू स्वाइन फ्लू या एच1 एन1 अब केवल मनुष्यों या सुअरों तक सीमित नहीं रहा, यह विभिन्न नस्लों के पशुओं में भी अपना जाल फैला रहा है। दुनियाभर में पशुओं के स्वास्थ्य सुधार पर नजर रखने वाले विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (ओआईई) ने यह जानकारी दी है।
ओआईई की रिपोर्ट के आधार पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक अधिकारी ने बताया कि एच1 एन1 संक्रमण चिली और कनाडा में टर्की तथा अमेरिका में कुछ अन्य पशुओं में फैल गया है। अधिकारी के अनुसार इससे यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह वायरस पशु या पक्षी से मानव में आया है। जांच से यह जरूर पाया गया कि यह संक्रमण मानव से पशु-पक्षियों में पहुंचा।










