कमाल ने की तौबा
मुंबई. ‘मुझे ‘बिग बॉस’ के घर ने भावनात्मक और शारीरिक तौर पर निचोड़ लिया। मेरा चार किलो वजन कम हो गया, हीमोग्लोबिन स्तर गिर गया। मैं अब भी अपनी सेहत सुधारने में लगा हूं।’ यह कहना है कमाल रशीद खान उर्फ केआरके का, जो ‘बिग बॉस’ के घर से निकाले जाने वाले पहले प्रतिभागी हैं।
कमाल के मुताबिक वहां रहने के लिए जिस तरह की परिस्थितियां थीं, उन्हें देखकर वे चौंक गए। केआरके का कहना है, ‘मैं वहां कम से कम चार-पांच वॉश रूम होने की उम्मीद कर रहा था, जबकि सिर्फ एक वॉश रूम था। खाना भी अच्छा नहीं मिला। हमारे बेड भी काफी छोटे-छोटे थे। उन २१ दिनों में मैं इतना अपसेट रहा कि मैंने वहां से बाहर आने के लिए हर नियम तोड़े। मैं कभी इस तरह के शो का हिस्सा नहीं बनूंगा।’ इस शो के दूसरे प्रतिभागियों के बारे में चर्चा करते हुए कमाल ने कहा, ‘इसके पिछले सीजन के प्रतिभागियों का चयन कहीं बेहतर था। इस बार हर कोई या तो आर्थिक मजबूरियों के चलते या फिर अपने कॅरियर को आगे बढ़ाने के लिए इस घर में आया।’
फिल्म ‘देशद्रोही’ में नजर आए भोजपुरी फिल्मों के निर्माता व अभिनेता कमाल खान मानते हैं कि उन्होंने भी इस शो में पब्लिसिटी के लिए हिस्सा लिया। कमाल कहते हैं, ‘मेरी पिछली फिल्म १क् महीने पहले आई थी। मैं नहीं चाहता था कि दर्शक मुझे भूल जाएं। मैं ‘देशद्रोही २’ की शूटिंग शुरू करने जा रहा हूं और मैं सिर्फ थोड़ी सी पब्लिसिटी चाहता था।’
वैसे ‘बिग बॉस’ के घर में रहते हुए उन्हें जर्मन सुपरमॉडल क्लॉडिया सीस्ला ही पसंद आईं। कमाल के मुताबिक इस शो में इकलौती वहीं अच्छी लड़की हैं। यदि उनके पास क्लॉडिया के लायक कोई रोल होता तो वे जरूर उन्हें अपनी फिल्म में लेते। कमाल ‘देशद्रोही २’ के बाद आरुषि हत्याकांड के बारे में भी फिल्म बनाने का इरादा रखते हैं।










