Wednesday, Nov 18th, 2009, 2:01 am [IST]  

danik bhaskarबीएड कालेज: पुलिस पहरे में निरीक्षण

Bhaskar News

ग्वालियर. बीएड कॉलेज के कुछ संचालकों ने मंगलवार को नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (एनसीटीई) की टीम से अपने यहां का निरीक्षण कराने से इनकार कर दिया। इसको लेकर टीम के सदस्य भयभीत हो गए। मामला भोपाल तक गया, वहां से आदेश आने पर टीम को पुलिस बल उपलब्ध कराया गया तब जाकर टीम निरीक्षण के लिए रवाना हो सकी।



अंचल के कुछ बीएड कालेजों में अनियमितताओं की जांच करने एनसीटीई की टीम आई है। टीम के दो सदस्य बीआर सावरकर व आरएस मनी इन दिनों जीवाजी यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस में 16 नवम्बर से ठहरे हैं। श्री सावरकर व श्री मनी मंगलवार को एक कालेज का निरीक्षण करने के लिए गए।



वहां से लौटने के बाद उन्हें दूसरे कालेजों का निरीक्षण करना था, इस बीच कालेजों के कुछ कथित संचालकों ने टीम के सदस्यों को दबाव में लेने का प्रयास किया, जब दोनों सदस्यों ने निष्पक्ष तरीके से काम करने की बात की कही तो उन्हें धमकी दी गई। धमकी से भयभीत दोनों सदस्यों ने भोपाल स्थित एनसीटीई के क्षेत्रीय कार्यालय को सूचना दी।



वहां से ग्वालियर पुलिस को जानकारी दी गई। भोपाल से आई सूचना के बाद पुलिस का वाहन तत्काल जेयू के गेस्ट हाउस पहुंचा और सदस्यों से जानकारी हासिल की। इसके बाद पुलिस बल के साथ टीम के सदस्य अपरान्ह चार बजे कालेजों का निरीक्षण करने रवाना हो गए।



टीम को 21 नवम्बर तक ग्वालियर में रहकर बीएड कालेजों का निरीक्षण करना है। टीम लगभग दो दर्जन कालेजों के इन्फ्रास्ट्रक्चर, संबंद्धता कागजात, छात्र समस्या आदि का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपेगी।




तीस बीएड कालेजों के परीक्षा फार्म जांचे



ग्वालियरx जीवाजी यूनिवर्सिटी की स्क्रूटिनी कमेटी ने अब तक 30 बीएड कालेजों के परीक्षा फामोर्ं की जांच का काम पूरा कर लिया है। अभी तीन दर्जन से ज्यादा कालेजों की स्क्रूटिनी होना बाकी है।



जेयू की कार्यपरिषद ने आठ सदस्यीय स्क्रूटिनी कमेटी का गठन किया था। इसमें अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डा. बीएस परिहार, डा. डीसी तिवारी, डा. एपीएस चौहान, डा. अशोक शर्मा, डा. केशव सिंह गुर्जर, कार्यपरिषद सदस्य दशरथ सिंह गुर्जर, मनेन्द्र सिंह सोलंकी, सत्यपाल सिंह सिकरवार शामिल हैं।



पहले दिन हुई बैठक में सभी सदस्य शामिल हुए थे लेकिन बाद में कुछ सदस्य आने से कतराने लगे। कारण यह कि एक-एक फार्म की जांच करना उन्हें उबाऊ काम लगा।



मंगलवार को भी पूरे सदस्य नहीं आए और जो आए वे शाम 5.30 बजे तक फार्मो की जांच करते रहे। फार्मो की जांच पूरी होने के बाद ही परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी। जेयू के जनसंपर्क अधिकारी प्रदीप शर्मा का कहना है कि फार्मो की जांच दो-तीन दिन में पूरी कर ली जाएगी। स्क्रूटिनी कमेटी के कुछ सदस्य व्यस्तताओं के कारण नहीं आ पा रहे हैं।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: