शहर को ‘फ्लू’ का बुखार
अम्बाला सिटी. जिले में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के दो अन्य छात्रों की सेंपल रिपोर्ट पाजीटिव आई है। इनमें से एक छात्र पंजाब इंजीनियरिंग कालेज चंडीगढ़ में पढ़ता है। जबकि दूसरी एसडी पब्लिक स्कूल छावनी में आठवीं कक्षा की छात्रा है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली से अम्बाला अपनी रिश्तेदारी में पहुंची एक अन्य महिला का सेंपल लिया है। बता दें कि सोमवार को भी अम्बाला में स्वाइन फ्लू के दो केस मिले थे। स्वाइन फ्लू के चार केस मिलने से शहर में फिर से दहशत का माहौल है। लोग घबरा रहे हैं की कहीं वह भी इसकी चपेट में न आ जाए।
अम्बाला नोडल आफिसर डाक्टर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि छावनी के एसडी पब्लिक स्कूल में स्वाइन फ्लू का केस मिलने के बाद सोमवार को एक अन्य छात्रा व पंजाब इंजीनियरिंग कालेज चंडीगढ़ में पढ़ने वाले एक छात्र का सेंपल लिया था। जिनकी रिपोर्ट पाजीटिव आई है।
आइसोलेशन वार्ड पर लटका ताला, डाक्टर्स नदारद
नवनीत शर्मा. अम्बाला सिटी. स्वाइन फ्लू की रोकथाम को लेकर बड़े-बड़े दावे तो कर रहा है, मगर जमीनी हकीकत कोसों दूर है। स्वाईन फ्लू के डर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट नजर नहीं आ रहा है। इसका एक नजारा मंगलवार को दो केस पाजीटिव आने के बाद देखने को मिला।
प्रशासन ने नवनिर्मित ट्रामा सेंटर में स्वाइन फ्लू से संबंधित रोगियों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया था। साथ ही मरीजों के चेकअप के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था। मगर मंगलवार को आइसोलेशन वार्ड के दोनों कमरों पर ताले लटके रहे और मौजूदा स्टाफ भी ड्यूटी पर तैनात नहीं मिला।
दरअसल, सोमवार को दो केस पाजीटिव मिलने के बाद भास्कर टीम ट्रामा सेंटर में बने आइसोलेशन वार्ड का जायजा लेने पहुंची। लेकिन यहां नजारा टीम की सोच से विपरित दिखाई दिया। स्थिति यह थी कि आइसोलेशन वार्ड के एक कमरे में ताला लटका हुआ था और दूसरे कमरे पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी।
दोनों कमरों को बाहर से बंद देख जब चिकित्सकों को तलाशने का काम शुरू हुआ तो वह भी अपनी-अपनी कुर्सियों से गायब मिले। करीब दो घंटे तक टीम आइसोलेशन वार्ड के बाहर खड़ी चिकित्सकों का इंतजार करती रही। लेकिन एक भी डाक्टर नजर नहीं आया।










