आरक्षण कल से
सागर. जिला पंचायत, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों के आगामी आम चुनाव के सिलसिले में गुरुवार से आरक्षण की शुरुआत होगी। 19 से 23 नवंबर के बीच जिला पंचायत, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में 11489 पद आरक्षित किए जाएंगे।
यह प्रक्रिया एसडीओ और तहसीलदार की मौजूदगी में संपन्न होगी। 19 नवंबर को सुबह 10.30 बजे से सागर सहित जिले की सभी 11 जनपद पंचायतों में 760 ग्राम पंचायतों के 10441 पंचों के लिए वार्ड आरक्षित किए जाएंगे। 20 नवंबर को जनपद पंचायत कार्यालयों में ग्राम पंचायतों के 760 सरपंचों के लिए पद आरक्षित होंगे।
23 नवंबर को सुबह साढ़े दस बजे से सागर, राहतगढ़, बंडा, रहली, देवरी, खुरई और बीना में एसडीओ (राजस्व) कार्यालय में जनपद पंचायतों के 240 सदस्यों के चुनाव क्षेत्र आरक्षित किए जाएंगे। इसी दौरान जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले की सभी 11 जनपद पंचायतों के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत के 27 सदस्यों के लिए चुनाव क्षेत्र आरक्षित किए जाने की प्रक्रिया चलेगी। आरक्षण चक्रानुक्रम से लाट निकालकर किया जाएगा।
नगरीय निकाय चुनाव फार्म 19 से जमा होंगे - नगरीय निकाय के चुनाव जिले में 2 चरणों में कराए जा रहे हैं। महापौर, अध्यक्ष और वार्ड मैंबर के लिए फार्म 19 से 26 नवंबर तक सुबह 10.30 बजे से जमा होंगे।
अगले दिन 27 नवंबर को फामोर्ं की जांच की जाएगी। नाम वापसी की आखिरी तारीख 30 नवंबर है। इस दिन अभ्यार्थी सुबह 10.30 बजे से शाम 3.00 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
प्रथम चरण के चुनाव -पहले चरण में सागर नगर पालिक निगम, देवरी एवं गढ़ाकोटा नगर पालिका और बंडा नगर पंचायत के चुनाव होंगे। दूसरे चरण में बीना, खुरई एवं रहली नगर पलिका तथा शाहगढ़, राहतगढ़ एवं शाहपुर नगर पंचायत के चुनाव होंगे।
पहले चरण के लिए मतदान 11 दिसंबर और मतगणना 15 दिसंबर को होगी। दूसरे चरण के चुनाव के तहत मतदान 14 दिसंबर और मतगणना 17 दिसंबर को होगी। दोनों दिन मतदान सुबह 8.00 से शाम 5.00 बजे तक होगा। मतगणना सुबह 9.00 बजे से होगी।










