कांग्रेस में महापौर पद के लिए छह दावेदार
सागर. कांग्रेस में महापौर पद के लिए छह महिला दावेदारों के नाम सामने आए हैं। जबकि पार्षद पद के लिए तीन सौ से अधिक दावेदार हैं। मंगलवार को कांग्रेस के पर्यवेक्षक सन्मति सैनी के सामने इन दावेदारों में शक्ति प्रदर्शन को लेकर होड़ लगी रही। दोपहर 12 बजे से शाम 5:30 बजे तक तीन बत्ती स्थित कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही।
इस दौरान कुछ वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों के पक्ष में माहौल बनाया। हालांकि पर्यवेक्षक के सामने सभी नेता एकराय थे कि टिकट किसी को भी मिले, मिलकर चुनाव लड़ेंगे। पर्यवेक्षक श्री सैनी ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा टिकट देने के लिए बनाई गई गाइड लाइन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से शहर की जन-समस्याओं, बिजली, पानी, सड़क सहित भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार, बिगड़ी कानून व्यवस्था के कई उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएं। श्री सैनी ने कार्यकर्ताओं के भी विचार सुने। महापौर पद की दावेदारों ने भी अपने विचार रखे।
शाम को श्री सैनी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कांग्रेस की ओर से महापौर पद की छह महिला दावेदारों के नाम तय किए गए हैं। 22 नवंबर के बाद कांग्रेस के प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी एवं प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी की मंशा के अनुरूप युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका दिया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह प्रतिशत आधे से भी अधिक हो सकता है और कम भी। क्योंकि दावेदारी जताने वालों में ज्यादातर युवा ही हैं। चाहे वह महापौर के लिए हों या पार्षद पद के लिए। श्री सैनी ने बताया कि पढ़े-लिखे और स्वच्छ छवि वाले दावेदारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह हैं दावेदार
जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जगदीश यादव के अनुसार महापौर पद के लिए छह महिला दावेदारों के नाम तय किए गए हैं। इनमें इंदू चौधरी, रेणुका खटीक, माधवी चौधरी, प्रीति खटीक, रेखा चौधरी और गीता चौधरी आदि शामिल हैं।
पैर रखने की भी जगह नहीं थी
कांग्रेस कार्यालय में पर्यवेक्षक श्री सैनी जब कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों से रूबरू हो रहे थे तब वहां पैर रखने तक की जगह नहीं थी। प्रवेश द्वार से अंदर एवं बाहर आने-जाने के लिए भी कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों को मशक्कत करना पड़ी।
ये लोग रहे मौजूद
सुरखी विधायक गोविंदसिंह राजपूत, प्रकाश जैन, सुनील जैन, त्रिलोकीनाथ कटारे, डा. महेश तिवारी, डॉ. सुशील तिवारी, अंकलेश्वर दुबे, रवि चौरसिया सहित अन्य नेता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।










