कांग्रेस कार्यालय में झूमा-झटकी
इंदौर. कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में दूसरे दिन भी झूमा-झटकी, गालीगलौज के बीच दावेदारों ने पर्यवेक्षक असलम शेर खान और मनोहर बैरागी को बायोडाटा सौंपे। शक्ति प्रदर्शन के दौरान पार्षद अयाज बेग और गोपाल यादव ऐसे उलझे कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष को बीच-बचाव करना पड़ा।
इस घटनाक्रम के बाद पर्यवेक्षकों ने अपने कक्ष में पुरुषों के घुसने पर पाबंदी लगा दी। दूसरा दिन केवल महिलाओं के लिए आरक्षित था लेकिन पुरुषों ने भी आवेदन सौंपे। सख्त मनाही के बावजूद महिलाओं ने भी अपने समर्थन में खूब ढोल-ताशे बजवाए। 35 वार्डो के लिए 250 से ज्यादा महिलाओं ने बायोडाटा सौंपे।
कांग्रेस कार्यालय में सुबह 11 बजे से ही महिला दावेदारों का आना शुरू हो गया था। दोनों पर्यवेक्षक लेट आए। महिलाओं को ऊपर हॉल में बैठाया गया। इसके बाद वार्डवार पुकार लगाकर दावेदार को पर्यवेक्षक से मिलने भेजा। इस दौरान नरेंद्र सलूजा ने कई पुरुष दावेदारों को दरवाजे से यह कहते हुए लौटा दिया कि वे महिलाओं के साथ न आएं।
थोड़ी देर बाद जब पार्षद अयाज बेग और गोपाल यादव समर्थकों के साथ गुत्थमगुत्था हुए तो व्यवस्था गड़बड़ा गई। इस दौरान अर्चना जायसवाल व प्रमोद टंडन पर्यवेक्षकों से दावेदारों का परिचय करवाते रहे। क्षेत्र-3 से विधायक अश्विन जोशी, क्षेत्र-5 से शोभा ओझा समर्थकों ने बायोडाटा सौंपे।
सुशीलादेवी मित्तल, सनवर खान, फोजिया शेख, शबाना अयाज आदि ने भी दावेदारी जताई। कार्यालय में थोड़ी देर के लिए पूर्व विधायक रामलाल यादव और महापौर पद के दावेदार संजय शुक्ला भी आए। पूर्व आईडीए उपाध्यक्ष रघु परमार ने भी महापौर के लिए दावेदारी जताई।
‘आरक्षण चाहिए तो भाजपा का साथ दें’
मंगलवार को महिला मोर्चा के मातृशक्ति सम्मेलन के बहाने भाजपाई महिला दावेदारों ने भी शक्ति प्रदर्शन किया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने उन्हें आरक्षण का मान रखने की सीख भी दे दी।
महिलाओं की बड़ी संख्या के बीच बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में श्री तोमर ने कहा आने वाले दिनों में पंचायतीराज में 4 लाख प्रतिनिधियों के मध्य दो लाख महिला प्रतिनिधि शामिल होंगी। सांसद सुमित्रा महाजन ने कहा महंगाई का दर्द महिलाएं सबसे ज्यादा समझती हैं, यह केंद्र सरकार की देन है।
निगम चुनाव प्रभारी कृष्णमुरारी मोघे के अलावा सुदर्शन गुप्ता, मालिनी गौड़, डॉ. उमाशशि शर्मा, उषा ठाकुर, अंजू माखीजा, पद्मा भोजे आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान राज्यमंत्री महेंद्र हार्डिया, विधायक रमेश मेंदोला, सत्यनारायण सत्तन, गोपीकृष्ण नेमा, हेमंत मेहतानी आदि उपस्थित थे।
नाम जुड़वाने में लगे रहे दावेदार
शहर के 69 वार्डो के लिए भाजपा ने रविवार और सोमवार को मंडल अनुशंसा समिति के माध्यम से दावेदारों के बायोडाटा एकत्र किए। 1100 से ज्यादा दावेदार सामने आने के बावजूद कई फायनल सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए मंडल अध्यक्ष और महामंत्रियों के चक्कर काटते रहे।
मंगलवार को सभी नौ मंडलों की ओर से जिला चयन समिति को सूची प्राप्त हो जाना थी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। कुछ मंडलों में देर रात तक प्रक्रिया जारी रही। महिला मोर्चा के सम्मेलन में ज्यादातर दावेदार महिलाएं बायोडाटा के साथ ही पहुंची थी। बुधवार को जिला चयन समिति को सारे मंडलों से नाम मिलने की उम्मीद है।










