रावतभाटा बिजलीघर में सुरक्षा बढ़ाई
रावतभाटा. परमाणु प्रतिष्ठानों पर आतंककारी हमले की आशंका के मद्देनजर देश के परमाणु प्रतिष्ठानों पर जारी किए गए हाईअलर्ट के बाद राजस्थान परमाणु बिजलीघर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस सिलसिले में मंगलवार को प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई।
एएसपी गिर्राज मीणा के अनुसार बैठक में परमाणु बिजलीघर की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाए, इसके लिए सभी जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। आंतरिक रूप से परमाणु बिजलीघर का प्रबंधन बिना पुख्ता पहचान के किसी को भी प्रवेश नहीं करने देगा। इसके अलावा सुरक्षा के लिए जरूरी बंकर बनाए जाएंगे। शहर के चारों ओर नाकाबंदी रहेगी। बैठक में चित्तौड़गढ़ एसपी गिर्राज मीणा, एडीएम खींवाराम, एएसपी राजकुमार गुप्ता, डीएसपी उमा शर्मा, एसडीएम कविता पाठक, परमाणु बिजलीघर के स्थल निदेशक सीपी झाम्ब, सीआईएसएफ कमांडेंट एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
परमाणु बिजलीघर के चारों ओर सुरक्षा कड़ी
परमाणु बिजलीघर के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और बांध के किनारे और परमाणु बिजलीघर के आसपास मछली पकड़ने वालों को रोकना एवं परमाणु बिजलीघर के आसपास सुरक्षा जोन में किसी को भी प्रवेश नहीं करने के देने निर्णय लिए गए।
विदेशियों पर नजर
शहर में कोई भी विदेशी आए तो उस पर विशेष नजर रखने के लिए गुप्तचर विभाग को निर्देश दिए गए। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध नजर आए तो उसकी सूचना सुरक्षा एजेंसी एक-दूसरे को देंगे।
होटल संचालकों को भी निर्देश
शहर के सभी होटल व लाज संचालकों की रावतभाटा थाने में बैठक बुलाई गई, जिसमें पुलिस ने निर्देश दिए कि कोई भी होटल संचालक बिना आईडी प्रूफ के किसी भी व्यक्ति को नहीं ठहराएंगे। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के रुकने की सूचना तुरंत पुलिस को देंगे। पुलिस नियमित रूप से लॉज और होटलों की जांच करेगी।
इसके अलावा मुसाफिरखाने, धर्मशाला, गुरुद्वारा, मंदिर आदि ठहरने के स्थानों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। इसी तरह, एएसपी राजकुमार गुप्ता के अनुसार साइबर कैफे को बिना पहचान के इंटरनेट का उपयोग नहीं करने देने एवं एसटीडी, पीसीओ संचालकों को विदेशी कॉल की सूचना देने के भी निर्देश दिए जाएंगे।
छबड़ा थर्मल प्लांट में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त
खुफिया एजेंसियों द्वारा परमाणु प्रतिष्ठानों पर आतंकी हमलों की आशंका जताने के बावजूद जिले के दो पावर प्लांट एनटीपीसी, अंता व छबड़ा थर्मल में मंगलवार को सुरक्षा को लेकर अलग से कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। एनटीपीसी व छबड़ा थर्मल प्लांट के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यहां पहले से ही सुरक्षा के माकूल बंदोबस्त हैं। वैसे भी इसमें बदलाव व अन्य बंदोबस्त के मामले में उच्चधिकारियों से कोई नए दिशा—निर्देश नहीं मिले हैं। सुरक्षा को लेकर समय-—समय पर अधिकारी विचार-—विमर्श कर कार्रवाई करते रहते हैं।










