Wednesday, Nov 18th, 2009, 6:16 am [IST]  

danik bhaskarदो और स्वाइन फ्लू पॉजिटिव

Bhaskar News

सीकर. मंगलवार को दो और स्वाइन फ्लू पॉजिटिव केस मिले, जिसमें एक महिला है। जिले में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 35 हो गई। सीएमएचओ डा. आरके मीणा ने बताया कि रींगस के महरोली निवासी हरमेंद्रसिंह (24) पुत्र गोपालसिंह जयपुर के एक होटल में काम करता है।



वह 13 नवंबर को एक दिन के लिए सीकर आया हुआ था, यहां बीमार होने पर उसे स्वास्थ्य केंद्र में दिखाया गया था, जहां से उसे जयपुर के लिए रैफर कर दिया गया था। वहां जांच में हरमेंद्र स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया। वहीं, रींगस के दादियारामपुरा की मीना (18) की शादी जयपुर के पून्याणा (कालवाड़) में हुई और वह वहीं से नर्सिग का कोर्स कर रही है।



14 नवंबर को वह एक रात के लिए पीहर आई थी। सुबह तबीयत खराब होने पर धायल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में उसकी जांच कराई गई थी, जहां पर उसे जयपुर के लिए रैफर किया गया। जयपुर में जांच में मीना पॉजिटिव पाई गई। सूचना मिलने पर ब्लाक मुख्य चिकित्सा अधिकारी केसी गुप्ता के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने हरमेंद्र और मीना के परिजनों की जांच की, वहां सभी स्वस्थ पाए गए। मेडिकल टीम ने क्षेत्र के लोगों को स्वाइन फ्लू के प्रति जागरूक किया।



दो प्राइवेट अस्पतालों में निशुल्क आइसोलेशन और वेंटिलेटर



सीएमएचओ ने बताया कि गेटवेल डाइग्नोस्टिक एंड रिसर्च सेंटर की डा. कमला रणवां और एसबी मित्तल मेटरनिटी एंड नर्सिग होम के डा. मित्तल ने प्रशासन को लिखित में कहा है कि स्वाइन फ्लू पीड़ित रोगियों के लिए निशुल्क आइसोलेशन और वेंटिलेटर की व्यवस्था की गई है। आम लोगों के लिए वे अपनी निशुल्क सेवाएं देने को तैयार हैं।

11354 की स्क्रीनिंग 536 बीमार



सीएमएचओ डा. आरके मीणा ने बताया कि मंगलवार को जिले भर के स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों पर 11354 बच्चों की स्क्रीनिंग कराई गई, इसमें 536 बच्चे मामूली बीमार पाए गए, जिन्हें दवाई देकर घर पर आराम करने की सलाह दी गई।



जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को नीमकाथाना में सर्वाधिक 6362 बच्चों की स्क्रीनिंग कराई गई, जिसमें 306 मामूली बीमार मिले, जिन्हें दवा देकर घर भेज दिया गया। श्रीमाधोपुर के 983 बच्चों की स्क्रींिनंग हुई, 88 बच्चे मामूली बीमार मिले, जिन्हें दवाई दे दी गई। लोसल ब्लॉक में 319 बच्चों की स्क्रीनिंग कर 21 मामूली बीमार को दवा दी गई।



लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक में 129 की स्क्रीनिंग में 17 मामूली बीमार मिले, सीकर शहर में करीब 2500 बच्चों की स्क्रीनिंग में 32 मामूली बीमार बच्चे पाए गए, कूदन ब्लॉक में 876 बच्चों की स्क्रीनिंग में 22 बीमार मिले, लक्ष्मणगढ़ में 129 की स्क्रीनिंग में 17 बच्चे बीमार पाए गए, रींगस में 185 बच्चों की स्क्रीनिंग में 50 बीमार पाए गए। बीमार बच्चों को दवा देकर घर पर ही आराम करने की सलाह दी।



डाक्टरी सलाह पर ही कराएं जांच



स्वाइन फ्लू को लेकर आम लोगों में जागरूकता तो आई है, लेकिन वे बिना डाक्टरी सलाह के ही जांच कराने के लिए पहुंच रहे हैं। सीएमएचओ डा. आरके मीणा ने बताया कि सांस लेने में अधिक दिक्कत होने पर बीमार डाक्टर से संपर्क करें। डाक्टरी सलाह पर ही स्वाइन फ्लू की जांच कराएं। यदि कोई बीमार है और उसमें स्वाइन फ्लू से मिलते-जुलते लक्षण हों तो वे डाक्टरी सलाह पर तीन दिन दवा खाएं, फिर भी सुधार न हो, तभी स्वाइन फ्लू की जांच कराएं। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू की जांच फीस अधिक है, इसलिए डाक्टरी सलाह पर ही जांच कराएं।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: