‘मां’ के लिए मां को पीटकर मार डाला
अमृतसर. थाना मजीठा के गांव टरपई में एक बेटे ने जमीन (धरती मां) के लालच में जन्म देने वाली मां की पत्नी व रिश्तेदारों के साथ पीट-पीट कर हत्या कर दी। थाना मजीठा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। गांव उदोके निवासी सुखविंदर सिंह ने बताया कि उनके जीजा टहल सिंह की मौत के बाद उनकी बहन हरजिंदर कौर अपने बेटे गुरप्रीत सिंह और बहू संदीप कौर के साथ गांव टरपई स्थित घर रह रही थी।
हरजिंदर कौर की सात एकड़ जमीन लेने के लिए गुरप्रीत सिंह और संदीप कौर दबाव बना रहे थे। घर में उन्हें खाना न देकर मारपीट करके भी प्रताड़ित किया जाता था। मंगलवार को गुरप्रीत सिंह, संदीप कौर और उनके दो रिश्तेदारों जसबीर कौर और प्रीतम सिंह वसीयत के लिए हरजिंदर कौर पर दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।
इसकी जानकारी हरजिंदर कौर ने फोन करके उन्हें दी। वसीयत पर अंगूठा न लगाने पर उक्त चारों ने हरजिंदर कौर की पीट पीटकर हत्या कर दी। सुखविंदर सिंह ने बताया कि जब वह हरजिंदर कौर के घर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।










