Wednesday, Nov 18th, 2009, 6:25 am [IST]  

danik bhaskarअलग होंगे टिकट के काउंटर

भास्कर न्यूज

बिलासपुर. रेलवे स्टेशन का जनरल टिकट (यूटीएस) और रिजर्वेशन काउंटर (पीआरएस) अलग-अलग स्थानों पर होगा। ऐसा अनावश्यक भीड़ को कम करने और स्टेशन की सुंदरता को बरकरार रखने के लिए किया जा रहा है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटरों को लेकर यात्री खासे परेशान रहते हैं।



कारण यही है कि जनरल टिकट के आधे काउंटर कटनी इंड पर तो आधे मुख्य स्टेशन में हैं। कटनी इंड वाले काउंटरों में पूछताछ और उद्घोषणा की सुविधा नहीं है। नतीजतन यात्रियों को ट्रेन के पहुंचने या छूटने की ठीक-ठीक जानकारी नहीं मिल पाती। आमतौर पर हावड़ा की ओर सफर करने वाले यात्री मुख्य स्टेशन के काउंटर से ही टिकट लेना पसंद करते हैं।



इसके कारण मुख्य स्टेशन के जनरल टिकट काउंटरों पर लंबी लाइन लगी होती है। मुख्य स्टेशन में ही रिजर्वेशन काउंटर भी हैं। यूटीएस और पीआरएस, दोनों ही काउंटर एक स्थान पर होने से स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर हर समय भारी भीड़ होती है। यहां तत्काल यात्रा करने वालों के साथ ही आने वाले दिनों में यात्रा करने वाले भी मौजूद होते हैं।



रिजर्वेशन कराने वालों के कारण मुख्य स्टेशन के बाहर गाड़ियों की लंबी कतार लगी होती है, जिससे तत्काल यात्रा करने वालों को आने-जाने में परेशानी होती है। इतना ही नहीं स्टेशन की सुंदरता पर भी ग्रहण लगता है। रेल प्रशासन इन्हीं समस्याओं को दूर करने जा रहा है। इसके लिए रिजर्वेशन और जनरल टिकट काउंटरों को अलग-अलग स्थान पर खोलने की योजना बनाई गई है। कटनी इंड वाले काउंटरों को रिजर्वेशन काउंटर में तब्दील किया जाएगा।



इसी तरह मुख्य स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटरों को जनरल टिकट काउंटर बना दिया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि मुख्य स्टेशन में ऐसे यात्रियों की ही आवाजाही रहेगी, जो तत्काल यात्रा करने वाले होंगे। रिजर्वेशन कराने वालों की भीड़ कटनी इंड के काउंटरों में रहेगी, जो कि स्टेशन से बाहर है। बहरहाल रेल प्रशासन ने सर्वे का काम पूरा कर लिया है और नई व्यवस्था नए साल से लागू करने की योजना है। अधिकृत जानकारी के लिए सीनियर डीसीएम एके शम्सी से संपर्क किया गया, पर नहीं हो सका।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: